Moradabad leopard Attack: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में तेंदुए का आतंक जारी है. बीती रात एक किसान तेंदुए का शिकार बना. लोगों ने बताया कि तेंदुआ किसान को घर से उठा ले गया. सुबह गन्ने के खेत में लोगों ने किसान की खून से लथपथ लाश देखी. तेंदुए के खौफ की यह कहानी मुरादाबाद के बलिया गांव से सामने आया है. बलिया में इससे पहले भी तेंदुए के हमले की दो और घटनाएं सामने आ चुकी है. बीती रात की घटना से लोगों में दहशत है. बताया जा रहा है कि गांव के किनारे बने घर में सो रहे 40 वर्षीय किसान जगराज सिंह को रात में तेंदुआ घर से उठाकर ले गया.
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में तेंदुए के हमले में अब तक 4 की मौत
सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो जगराज सिंह का शव खेत में पड़ा मिला. ग्रामीणों के मुताबिक, शव को तेंदुआ बुरी तरह से नोच चुका था. बलिया गांव में तेंदुए के हमले से यह तीसरी मौत बताई जा रही है, जबकि ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र में अब तक तेंदुए के हमले में चार लोगों की जान जा चुकी है. इनमें तीन महिलाएं और अब एक पुरुष शामिल है.
गांव में दहशत का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के डर से लोग रात में घरों से निकलने तक से डर रहे हैं. वहीं तेंदुए को पकड़ने में नाकाम रहने पर वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों ने कहा कि अमानगढ़ और कालागढ़ का जंगल यहां से पास है. साथ ही रामगंगा नदी का इलाका भी पास ही है. आशंका है कि जंगली जानवर जंगल और नदी किनारे के रास्तों से निकलकर खादर इलाके के घने गन्ने के खेतों में छिप जाते हैं.
36-40 तेंदुए होने की बात, अभी 10 तेंदुए पकड़े गए
ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के करीब 36 से 40 गांवों में तेंदुए का आतंक बना हुआ है. बलिया, पिपली मलकपुर, श्यामली, लालापुर और पीपलसाना समेत कई गांवों के लोग दहशत में हैं. वन विभाग अब तक करीब 9 से 10 तेंदुओं को पकड़ चुका है, लेकिन इसके बावजूद इलाके में हमले और तेंदुओं की मौजूदगी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं.
थर्मल ड्रोन, पेड़ों पर हिडेन कैमरे, फिर भी तेंदुए का आतंक जारी
वन विभाग का कहना है कि बहापुर बलिया क्षेत्र को अति-संवेदनशील मानते हुए निगरानी और रेस्क्यू ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है. आधुनिक थर्मल ड्रोन से लगातार निगरानी की जा रही है. आबादी और तेंदुए की आवाजाही वाले रास्तों पर अतिरिक्त सक्रिय पिंजरे लगाए जा रहे हैं. विशेष रेस्क्यू टीम और ट्रैंकुलाइजर एक्सपर्ट्स भी इलाके में तैनात किए गए हैं.
वन क्षेत्र अधिकारी रिजुल कंसल ने NDTV से बातचीत में बताया कि वन विभाग लगातार तेंदुए को तलाशने और पकड़ने में जुटा हुआ है. ड्रोन, ट्रैप कैमरों और पिंजरों की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें - Ground Report: थर्मल ड्रोन, पेड़ों पर कैमरे, फिर भी थम नहीं रहा मुरादाबाद में तेंदुए का आतंक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं