भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 27 सितंबर से शुरू हो रही है, जिसका पहला मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. यह तीन मैचों की सीरीज भारत को वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी का एक और मौका भी देगी. शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज खिलाड़ी वनडे टीम में वापसी करेंगे. इस दौरान रोहित शर्मा के नाम एक या दो नहीं बल्की कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा.
भारत बनाम वेस्टइंडीज सीरीज में कई रेगुलर खिलाड़ी एशियन गेम्स में अपनी व्यस्तताओं के कारण खेल नहीं पाएंगे. श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जो अभी जापान में हैं. हालांकि, रोहित के लिए यह सीरीज वनडे क्रिकेट में उनकी वापसी के लिए शानदार मौका है. रोहित ने अपने वनडे करियर में बहुत कुछ हासिल किया है और अब उनके पास अपने नाम कुछ और रिकॉर्ड जोड़ने के लिए तीन मैच होंगे.
रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में लगाया यादगार शतक
रोहित शर्मा का पिछला वनडे मैच इंग्लैंड के खिलाफ था, जिसमें उन्होंने लॉर्ड्स में यादगार शतक लगाया था. भारत के पूर्व कप्तान ने उस मैच में 110 गेंदों पर 138 रन बनाए थे और उस मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने थे. अब वह वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू परिस्थितियों में वापसी करेंगे. यहां वे खास उपलब्धियां बताई गई हैं जिन्हें रोहित आने वाली सीरीज में हासिल कर सकते हैं.
भारत और वेस्टइंडीज वनडे सीरीज में रोहित शर्मा ये बड़े रिकॉर्ड बना सकते हैं
- 39 साल की उम्र में भारत में वनडे शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बनने के लिए 1 शतक की जरूरत है
- वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे उम्रदराज़ शतकवीर बनने के लिए 1 शतक की जरूरत है
- 12000 वनडे रन पूरे करने के लिए 105 रनों की जरूरत है.
- ओपनर के तौर पर 10000 वनडे रन पूरे करने के लिए 135 रनों की जरूरत है.
- वेस्टइंडीज के खिलाफ़ ओपनर के तौर पर सबसे ज़्यादा वनडे रन के लिए 185 रनों की जरूरत है
- इंटरनेशनल क्रिकेट में 2000 चौके पूरे करने के लिए 18 चौकों की जरूरत है
- वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ़ सबसे ज़्यादा छक्के के लिए 6 छक्कों की ज़रूरत है
- इंटरनेशनल क्रिकेट में वेस्टइंडीज के खिलाफ 100 छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बनने के लिए 12 छक्कों की जरूरत है
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच का शेड्यूल
- 27 सितंबर 2026 (रविवार) - पहला वनडे- दोपहर 2:00 बजे - तिरुवनंतपुरम
- 30 सितंबर 2026 (बुधवार) - दूसरा वनडे - दोपहर 2:00 बजे - गुवाहाटी
- 03 अक्टूबर 2026 (शनिवार) - तीसरा वनडे- दोपहर 2:00 बजे - न्यू चंडीगढ़
भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जयसवाल, नमन धीर.
ये भी पढ़ें- कुंबले बने गुरु! भारत के उभरते स्पिनरों को दिया सफलता का मंत्र
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं