विज्ञापन

कोटा के सीवी गार्डन में घुसा तेंदुआ, 40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर चढ़ा; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कोटा के बीचोंबीच स्थित सीवी गार्डन में मंगलवार सुबह एक तेंदुआ घुस आने से हड़कंप मच गया. करीब 200 लोग मॉर्निंग वॉक और योग कर रहे थे, तभी तेंदुआ दिखाई दिया. बाद में वह 40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर चढ़ गया. वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए अभियान चला रही है.

कोटा के सीवी गार्डन में घुसा तेंदुआ, 40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर चढ़ा; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
कोटा के मशहूर सीवी गार्डन में घुसा तेंदुआ, पेड़ पर चढ़कर बैठा
NDTV
कोटा:

राजस्थान के कोटा शहर में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेंदुआ शहर के प्रसिद्ध छत्र विलास गार्डन, जिसे सीवी गार्डन के नाम से जाना जाता है, में पहुंच गया. सुबह करीब छह बजे तेंदुए के दिखाई देने के समय पार्क में मॉर्निंग वॉक, योग और एक्सरसाइज कर रहे लगभग 200 लोग मौजूद थे. तेंदुए को देखते ही लोगों में दहशत फैल गई और प्रशासन ने तुरंत पार्क खाली करवा दिया. बाद में तेंदुआ करीब 40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर चढ़ गया. वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.

सुबह-सुबह गार्डन में पहुंचा तेंदुआ

जानकारी के अनुसार तेंदुआ मंगलवार सुबह करीब 6 बजे छत्र विलास गार्डन में देखा गया. उस समय बड़ी संख्या में लोग पार्क में मौजूद थे. तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही पार्क में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. प्रशासन ने तत्काल लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और गार्डन के प्रवेश द्वार बंद कर दिए. इलाके में पुलिस और राजस्थान आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी (RAC) के जवान तैनात कर दिए गए हैं.

40 फीट ऊंचे पेड़ पर बैठा तेंदुआ

 न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार तेंदुआ बाद में गार्डन में स्थित लगभग 40 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर चढ़ गया. वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और उसे बेहोश करने की कोशिश शुरू की. वेटनरी डॉक्टर अखिलेश पांडे ने पेड़ के नीचे से तेंदुए को ट्रैंक्विलाइजर डार्ट मारने का प्रयास किया, लेकिन निशाना चूक गया. दूसरा प्रयास भी सफल नहीं हो सका.

बड़े क्रेन और जाल की व्यवस्था

शुरुआत में वन विभाग ने छोटा क्रेन मंगवाया था, लेकिन पेड़ की ऊंचाई अधिक होने के कारण इसका उपयोग प्रभावी नहीं हो पाया. इसके बाद सुबह करीब 9 बजे एक बड़ा क्रेन मौके पर पहुंचाया गया. तेंदुए के नीचे गिरने की आशंका को देखते हुए पेड़ के नीचे सुरक्षा जाल बिछाया गया है. इसके अलावा अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एक पिंजरा भी मंगवाया गया है. अधिकारियों के अनुसार तेंदुए को बेहोश करने के बाद दवा का असर होने में लगभग 30 मिनट लगेंगे, जिसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा जाएगा.

25 सदस्यीय टीम मौके पर तैनात

रेस्क्यू अभियान में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों समेत 25 सदस्यीय टीम को लगाया गया है. डीएफओ प्रमोद धाकड़ ने बताया कि मौके पर दो पशु चिकित्सक, मुख्य वन संरक्षक (CCF) और दो सहायक वन संरक्षक (ACF) भी मौजूद हैं. उन्होंने कहा, "सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम सीवी गार्डन पहुंच गई थी. तेंदुआ पेड़ पर बैठा दिखाई दिया है और उसे सुरक्षित पकड़ने के प्रयास जारी हैं."

पहले भी कई जगह दिख चुका है तेंदुआ

वन विभाग के अनुसार हाल के दिनों में कोटा के आसपास तेंदुए के दिखने की कई घटनाएं सामने आई हैं. इसे पहले मॉल रोड स्थित सेना क्षेत्र और स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय के पास भी देखा गया था. वन विभाग ने पहले भी उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था, लेकिन तेंदुआ उसमें नहीं फंसा. अधिकारियों का कहना है कि अब तक तेंदुए ने किसी व्यक्ति पर हमला नहीं किया है. फिलहाल उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए तीसरे प्रयास की तैयारी की जा रही है.

यह भी पढ़ें : मुरादाबाद में तेंदुओं का आतंक जारी: एक महीने में 12वां तेंदुआ पकड़ा गया, ग्रामीणों में दहशत बरकरार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Leopard, Kota, Leopard Rescue Operation, Leopard On Tree Branch Video, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com