- झांसी पुलिस ने महिला से मंगलसूत्र छीनने वाले बदमाश का हाफ एनकाउंटर किया है.
- दूसरे बदमाश ने डर की वजह से सरेंडर कर दिया. दोनों के पास से छीना मंगलसूत्र बरामद किया है.
- पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज चेक करके बदमाशों का पता किया था.
उत्तर प्रदेश के झांसी में महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने वाले बाइक सवार दो बदमाशों का 9 घंटे में पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से छीना गया मंगलसूत्र, घटना में प्रयोग की गई बाइक, तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं. बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक बदमाश का हाफ एनकाउंटर किया तो दूसरे ने डर से ही पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया. दोनों बदमाश इससे पहले भी यूपी में कई घटनाओं को अंजाम दे चुके थे. झांसी पुलिस को घटना स्थल के पास लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों का सुराग मिला था.
झांसी के नवाबाद इलाके की घटना
घटना झांसी के नवाबाद इलाके की बताई जा रही है. शिवाजी नगर में रहने वाली रानी राजपूत अपने बेटे देवांश को स्कूल से लेकर दोपहर में वापस अपने घर लौट रही थी, इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मार कर महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया. एक बदमाश भगवा रंग का गमछा गले में डाले था. जिसके बाद महिला ने परिजनों के साथ तुरंत थाने पहुंचकर पुलिस में मामला दर्ज कराया. पुलिस ने तुरंत बदमाशों की तलाश शुरू कर दी. करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद पुलिस को एक बदमाश को पहचानने में सफलता मिली.
ये भी पढ़ेंः पुलिसकर्मी का गला दबाया; दरोगा पर जंजीर से वार, लखनऊ में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर पत्थरों से हमला
झांसी पुलिस ने 9 घंटे में किया एनकाउंटर
करीब 9 घंटे बाद पुलिस को सूचना मिली कि घटना को अंजाम देने वाले बदमाश फिर से घटना को अंजाम देने के लिए मुस्तरा से कैलाश रेजीडेंसी की ओर जाने वाले मार्ग पर है. पुलिस की सूचना पर हाइवे से 500 मीटर घेराबंदी की गई. इसी दौरान बाइक सवार बदमाश आते नजर आए. पुलिस को देख बदमाश रात का अंधेरे का लाभ उठाते हुए फायरिंग कर भागने लगे. पुलिस ने भी पीछा करते हुए फायरिंग कर दी, जिसमें गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया. यह देखकर दूसरे ने डर से सरेंडर कर दिया. घायल बदमाश ने अपना नाम ब्रजेंद्र बताया है, जबकि दूसरे का नाम आशीष बताया जा रहा है. झांसी पुलिस के मुताबिक ब्रजेंद्र पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं.
घायल आरोपी को झांसी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जबकि दूसरे आरोपी को जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई बाइक, छीना हुआ मंगलसूत्र, तमंचे और कारतूस बरामद हुआ है.
ये भी पढ़ेंः हापुड़ में 1 लाख रुपये देकर कराई शादी, सुहागरात के बाद जेवर लेकर फरार हुई दुल्हन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं