DA Hike 2027 Expectation News: केंद्रीय कर्मचारियेां का महंगाई भत्ता जनवरी 2027 में बढ़कर 67% हो सकता है. फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों के लिए 8वां वेतन आयोग लागू होने में देर है और उससे पहले मौजूदा 7वें वेतन आयोग के तहत उन्हें DA हाइक यानी महंगाई भत्ते (Dearness Allowance) में बढ़ोतरी का इंतजार है. जुलाई से लागू होने वाले महंगाई भत्ते में 3 से 4 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान है. AICPI-IW के आंकड़े और कैलकुलेशन के नियम के आधार पर ऐसी उम्मीद लगाई जा रही है. ऐसा हुआ तो केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 63% या 64% हो सकता है. इसके आगे की संभावना ये बन रही है कि जनवरी में ये DA बढ़कर 67% हो सकता है.
ये कैलकुलेशन है- AICPI-IW यानी All India Consumer Price Index for Industrial Workers (औद्योगिक कामगारों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) का. आसान भाषा में कहें, तो यह देश में महंगाई मापने का एक प्रमुख पैमाना है, जिसके आधार पर केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की जाती है.
जनवरी से 60% DA, जुलाई से 63-64% होने की उम्मीद
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए जनवरी 2026 से 60% DA लागू है. वित्त मंत्रालय ने अप्रैल 2026 में DA में 2% बढ़ोतरी का ऐलान किया था, जो 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हुई थी और DA 58% से बढ़कर 60% हो गया था.
अब सभी की नजर 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाली अगली बढ़ोतरी पर टिकी है. लेबर ब्यूरो के AICPI-IW डेटा के आधार पर DA में 3% से 4% की जोरदार बढ़ोतरी तय मानी जा रही है. कारण कि जुलाई 2025 से जून 2026 तक के AICPI-IW डेटा का औसत 3.8 का अनुमान बता रहा है. राउंड फिगर में 4% , जबकि दशमलव के बाद के अंकों को छोड़कर 3% की बढ़ोतरी की संभावना बन रही है.
बहरहाल अगस्त 2026 का AICPI-IW डेटा रिलीज होने के बाद जनवरी 2027 में DA बढ़कर 67% होने का अनुमान है.

श्रम और रोजगार मंत्रालय के अधीन लेबर ब्यूरो ने अगस्त 2026 का ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) जारी किया है. जून में AICPI-IW सूचकांक 151.9 अंक था, जो जुलाई 2026 में 1.3 अंक चढ़कर 153.2 अंक पर पहुंच गया और फिर अगस्त में 1.2 अंक चढ़कर 154. 4 पहुंच गया है. चार्ट के मुताबिक, इस साल के आंकड़ों का ट्रेंड इस प्रकार रहा है.
- जनवरी 2026: 148.6
- फरवरी 2026: 148.5
- मार्च 2026: 149.1
- अप्रैल 2026: 149.9
- मई 2026: 150.8
- जून 2026: 151.9
- जुलाई 2026: 153.2
- अगस्त 2026: 154.4
- सितंबर 2026: डेटा आना बाकी
- अक्टूबर 2026: डेटा आना बाकी
- नवंबर 2026: डेटा आना बाकी
- दिसंबर 2026: डेटा आना बाकी

जनवरी 2027 में 67% हो सकता है महंगाई भत्ता
देश भर के केंद्रीय कर्मचारियों को अभी 7वें केंद्रीय वेतन आयोग (7th Pay Commission) के तहत सैलरी और भत्ते मिलते हैं. 7वें वेतन आयोग के नियमानुसार, 1 जनवरी 2027 से लागू होने वाले DA का निर्धारण उसके पिछले 12 महीनों (जनवरी 2026 से दिसंबर 2026) के औसत AICPI-IW सूचकांक के आधार पर किया जाएगा.
केंद्रीय कर्मियों के लिए तय फॉर्मूला ये है-
- DA% = [(12 महीनों का औसत AICPI-IW × 2.88) − 261.33] / 261.33 × 100
- इसके लिए जनवरी 2026 से दिसंबर 2026 तक 12 महीनों का औसत सूचकांक चाहिए होगा.
- इसमें अगस्त 2026 तक के आंकड़े आ चुके हैं, जबकि सितंबर, अकटूबर, नवंबर और दिसंबर के आंकड़े सामने आने बाकी हैं.
अगस्त 2026 के लिए अखिल भारतीय CPI-IW 1.2 अंक बढ़कर 154.4 अंक पर पहुंच गया है. AICPI-IW में ये बदलाव केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए जनवरी 2027 से अपेक्षित महंगाई भत्ते और महंगाई राहत (DA/DR) के कैलकुलेशन में अहम फैक्टर है. इसके साथ दूसरे महीने में कैलकुलेशन का आंकड़ा 65.03% तक पहुंच गया है.
बाकी चार महीनों यानी सितंबर से दिसंबर 2026 तक के CPI-IW सूचकांक जनवरी 2027 के लिए सटीक DA/DR आंकड़े का निर्धारण करेंगे.
यदि अगले चार महीनों तक CPI-IW स्थिर भी रहता है यानी इसमें कोई बदलाव नहीं होता है तो इसके जुलाई 2026 के संभावित महंगाई भत्ते(DA/DR) 63% या 64% से बढ़कर करीब 67% तक पहुंचने का अनुमान है.
यानी महंगाई भत्ते में 4% की बढ़ोतरी का अनुमान है.
कितना बढ़ जाएगा महंगाई भत्ता और कितनी हो जाएगी सैलरी?
जनवरी में अगर महंगाई भत्ता बढ़कर 67% किया जाता है तो....
- लेवल 1 यानी 18,000 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 12,060 रुपये हो जाएगा और सैलरी (बेसिक+DA) 30,060 रुपये हो जाएगी.
- लेवल 4 यानी 25,500 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 17,085 रुपये हो जाएगा और सैलरी (बेसिक+DA) 42,585 रुपये हो जाएगी.
- लेवल 7 यानी 44,900 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 30,083 रुपये हो जाएगा और सैलरी (बेसिक+DA) 74,983 रुपये हो जाएगी.
- लेवल 9 यानी 53,100 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 35,577 रुपये हो जाएगा और सैलरी (बेसिक+DA) 88,677 रुपये हो जाएगी.
- लेवल 12 यानी 78,800 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 52,796 रुपये हो जाएगा और सैलरी (बेसिक+DA) 1,31,596 रुपये हो जाएगी.
- लेवल 16 यानी 2,05,400 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 1,37,618 रुपये हो जाएगा और सैलरी (बेसिक+DA) 3,43,018 रुपये हो जाएगी.

49 लाख कर्मचारियों और 69 लाख पेंशनर्स को फायदा
DA कर्मचारियों की बेसिक सैलरी का अहम हिस्सा होता है, जो जीवन-यापन की लागत और बढ़ती महंगाई के असर को संतुलित करने के लिए दिया जाता है. केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को ये लाभ मिलता है. केंद्र सरकार की सेवाओं में कार्यरत करीब 49 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और करीब 69 लाख पेंशनरों को इस बढ़ोतरी का सीधा फायदा मिलेगा, जिसमें रक्षा और रेलवे कर्मी भी शामिल हैं. कुल वेतन में होने वाला इजाफा कर्मचारी के पे मैट्रिक्स लेवल और बेसिक पे के अनुसार तय होता है.
यह भी पढ़ें | आठवें वेतन आयोग से पहले यहां सरकार ने 5% बढ़ा दिया महंगाई भत्ता, 50 हजार कर्मचारी-पेंशनर्स को मिलेगा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं