गुरुग्राम के सदर्न पेरिफरल रोड पर 4 किलोमीटर नया एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा. इससे द्वारका एक्सप्रेसवे के चार सेक्टरों और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. ये एलिवेटेड रोड सोहना रोड पर वाटिका चौक से चालू होकर NH-48 पर बने क्लोवरलीफ इंटरचेंज तक जाएगा और सीधे द्वारका एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को आपस में कनेक्ट करेगा. 6 लेन के रोड में बड़े चौराहों और ट्रैफिक सिग्नल को खत्म कर वाहनों को तेज रफ्तार वाली आवाजाही दी जाएगी. भूमि अधिग्रहण के लिए करीब 750 करोड़ रुपये का बजट है. इस रूट पर डबल डेकर मेट्रो कॉरिडोर भी बनेगा. यहां नीचे एलिवेटेड रोड और उसके ठीक ऊपर मेट्रो की डबल डेकर पटरी बनाई जाएगी.
सुभाष चौक-राजीव चौक पर ट्रैफिक घटेगा
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के इस प्रोजेक्ट में द्वारका एक्सप्रेसवे और पेरिफेरल रोड के जंक्शन के पास सेक्टर 69, सेक्टर 70, सेक्टर 70A, और सेक्टर 71 को फायदा पहुंचेगा. इन सेक्टरों के बाशिंदों को वाटिका चौक, सुभाष चौक या राजीव चौक होकर दिल्ली या जयपुर की ओर भारी ट्रैफिक से गुजरना पड़ता था. एलिवेटेड रोड से यह सफर सिर्फ कुछ मिनटों में होगा.मेन रोड के साथ यहां 3 मीटर चौड़ा फुटपाथ और 2.5 मीटर चौड़ा साइकिल ट्रैक भी बनेगा.इस प्रोजेक्ट के लिए डिजाइनिंग और डीपीआर तैयार हो रही है.
सोहना रोड से द्वारका एक्सप्रेसवे तक आवाजाही आसान
ये 5.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड NH-48 के क्लोवरलीफ इंटरचेंज पर खत्म होगा.यहां एलिवेटेड रोड सीधे द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. सोहना रोड से द्वारका एक्सप्रेसवे की दूरी लगभग 5.5 किलोमीटर है.बिना ट्रैफिक सिग्नल के सिर्फ 4 से 5 मिनट में ये सफर पूरा हो जाएगा. एलिवेटेड रोड में दोनों ओर 4-4 लेन होंगी, जबकि नीचे की साइड में 3-3 लेन और दो लेन की सर्विस रोड होगी. ढाई से तीन साल में ये प्रोजेक्ट पूरा होगा.
ये भी पढ़ें - दिल्ली में मुंडका-पीरागढ़ी के बीच 8KM लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा, नांगलोई-द्वारका को फायदा, रोहतक रोड पर घटेगा ट्रैफिक
गुरुग्राम-सोहना हाईवे के लिए फ्लाईओवर
GMDA के सीईओ पीसी मीणा ने कहा कि इस प्रोजेक्ट का टेंडर जारी करने के साथ सर्विस रोड और रैंप तैयार हो रहे हैं. सेक्टर-75 और सेक्टर-75ए को बांट रही मेन रोड से 3 लेन का एक फ्लाईओवर भी बनेगा, जो एलिवेटेड रोड के ऊपर से आकर मिलेगा.सेक्टर-69 और 70 की मेन रोड पर एलिवेटेड रोड के ऊपर से गुरुग्राम-सोहना हाईवे के लिए भी फ्लाईओवर बनाया जाएगा. मुख्य अभियंता प्रवीण चौधरी के अनुसार, एलिवेटेड रोड से द्वारका एक्सप्रेसवे के जरिये मुंबई का रास्ता पकड़ना आसान हो जाएगा. गुरुग्राम में NHAI एमजी रोड पर 4.5 किमी लंबा एलिवेटेड रोड भी होगा. दिल्ली-जयपुर हाईवे को द्वारका एक्सप्रेसवे के 2.5 किमी को एलिवेटेड बनाने को भी मंजूरी मिली है. दिल्ली-गुरुग्राम का सफर भी आसान होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं