उत्तर प्रदेश के झांसी में पत्नी की बेवफाई से आहत एक शख्स ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मरने से पहले उसने दो वीडियो बनाए हैं, जिसमें उसने पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड पर कमरे में बंद कर पीटने का आरोप लगाया है. मामला मोंठ थाना क्षेत्र के ग्राम पावई का है. मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.
मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय जितेन्द्र अहिरवार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से मोंठ थानान्तर्गत ग्राम पावई का रहने वाला था. उसकी शादी रामकुमारी से हुई थी. उनके दो बेटे और एक बेटी है. बड़ा बेटा कपिल बोल नहीं पाता, जबकि छोटे बेटे आशीष और बेटी नीलम की शादी हो चुकी है.
करीब 3 साल पहले आशीष की मौत हो गई थी. इसके बाद जितेन्द्र पत्नी, बेटे और बहू के साथ झांसी की पंचवटी कॉलोनी में किराए पर रहने लगा था. वह प्राइवेट काम करता था और गांव में ढाई बीघा खेती भी थी, इसलिए गांव आता-जाता रहता था.
क्या है पूरा मामला?
चचेरे भतीजे करण अहिरवार ने बताया कि चाचा के घर झांसी में एक युवक का आना-जाना था. इसी दौरान चाची की उससे दोस्ती हो गई, जो प्यार में बदल गई. जब चाचा जितेन्द्र को इसका पता चला तो घर में विवाद होने लगा.
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पत्नी रामकुमारी और उसके प्रेमी प्रदीप ने जितेन्द्र को कमरे में बंद करके पीटा. इससे बेचैन होकर बुधवार को जितेन्द्र गांव पावई आया और जहरीला पदार्थ खा लिया. तबीयत बिगड़ने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो जितेन्द्र ने खुद ही पूरी बात बताई.
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. उसे झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
यह भी पढ़ेंः साली के निकाह में आए युवक ने पत्नी का गला रेता, फिर खुद पर भी किया हमला, 14 साल पहले हुई थी शादी
आखिरी वीडियो में क्या बोला?
जितेन्द्र के दो वीडियो सामने आए हैं. 20 सेकेंड के पहले वीडियो में वह जमीन पर पड़ा उल्टी कर रहा है और कह रहा है- 'ये प्रदीप को रखे है, कहती है तू मर जा, मैं प्रदीप के साथ जयमाला डालूंगी, टेंशन में हमने दवा पी है.'
1.27 मिनट के दूसरे वीडियो में वह कहता है- 'प्रदीप और रामकुमारी ने मुझे कमरा में बंद करके मारा है, कंधे में काटा है. वो कह रही थी कि पीताम्बरा माई मंदिर में हम जयमाला डलवाने जा रहे हैं. जब पत्नी ने कहा कि हम तुम्हें नहीं रखेंगे, प्रदीप के साथ जयमाला डालेंगे, तब मैंने जहर खा लिया.'
पुलिस क्या बोली?
मोंठ थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जितेन्द्र का पत्नी से विवाद हो गया था, इस वजह से उसने जहर खाया था. मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई. पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर जांच की जाएगी.
ये वीडियो भी देखेंः घर में हो रहा था महामृत्युंजय पाठ... जानिए- आजमगढ़ में क्यों हुआ मौत का तांडव?
यह भी पढ़ेंः आजमगढ़ के अरविंद ने पत्नी-बेटे और दो पंडितों की क्यों की हत्या? चश्मदीद ने बताई पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं