विज्ञापन

सनरूफ, 6 एयरबैग्स.. Tata Punch की बादशाहत खत्म कर देगी Maruti की ये SUV?

Tata Punch को टक्कर देने जल्द आ रही है Maruti की नई मिनी SUV. इसका कोडनेम Y43 रखा गया है. माना जा रहा है कि इसकी कीमत 6.5 लाख से शुरू हो सकती है.

सनरूफ, 6 एयरबैग्स.. Tata Punch की बादशाहत खत्म कर देगी Maruti की ये SUV?

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के माइक्रो-SUV सेगमेंट में Tata Punch का सालों से एकतरफा दबदबा रहा है. ये कार पिछले साल भारत की सबसे ज्यादा बिकने वाली SUV में से एक रही है. इसका एक कारण इस सेगमेंट में किसी बड़ी सीधी टक्कर का न होना है. लेकिन अब Tata Punch को कड़ी चुनौती देने के लिए देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti एक नई SUV लाने की तैयारी कर रही है. ये नई कार सीधे तौर पर Punch को टक्कर देगी और माना जा रहा है कि ये Maruti के लाइनअप में सुस्त पड़ चुकी Ignis को रिप्लेस कर सकती है.

Maruti Y43 का डिजाइन और लुक

Tata Punch को टक्कर देने वाली Maruti की इस आने वाली माइक्रो-SUV का सीक्रेट कोडनेम Y43 रखा गया है. हालांकि, कई रिपोर्ट्स में इसे Y34 भी कहा गया है. मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के अनुसार, Ignis की जगह आने के बावजूद इस कार का लुक किसी क्रॉसओवर जैसा नहीं होगा. कंपनी इसे एक असली SUV की तरह अपफ्रंट स्टेंस रखेगी. ये बेहतरीन ग्राउंड क्लीयरेंस वाला बोल्ड लुक देगी. मारूति की ये कार 4-मीटर से छोटी कॉम्पैक्ट SUV होगी. इसे Maruti के पोर्टफोलियो में Fronx के नीचे रखा जाएगा. इस कार को Maruti के प्रीमियम Nexa शोरूम्स के जरिए बेचे जाने की उम्मीद है.

Brezza वाले मॉडर्न फीचर्स और सेफ्टी

अक्सर फीचर्स के मामले में Maruti अपने कंपीटिटर्स Hyundai और Tata से थोड़ी पीछे रह जाती है. लेकिन इस नई एसयूवी (Y43) के साथ Maruti एक बहुत बड़ी छलांग लगाने वाली है: इस कार में Brezza से लिया गया बड़ा 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है. इसके अलावा सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और केबिन को वेंटिलेटेड बनाने के लिए एक सिंगल-पेन सनरूफ भी देखने को मिल सकता है. सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए Maruti इसमें 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड दे सकती है. साथ ही, इसमें पहली बार इस बजट सेगमेंट में ADAS (एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) जैसे मॉडर्न फीचर्स भी दिए जा सकते हैं.

HEARTECT प्लेटफॉर्म और हाइब्रिड इंजन ऑप्शन्स

तकनीकी तौर पर, Maruti की यह नई SUV सुजुकी के हल्के और मजबूत HEARTECT प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी. इस पर ही Dzire, Swift, Fronx और Baleno जैसी गाड़ियां बनी हैं. बोनट के नीचे ग्राहकों को कई पावरफुल इंजन ऑप्शन्स मिल सकते हैं. इसमें 1.2-लीटर 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है. ये डेली के इस्तेमाल के लिए रिफाइंड इंजन होगा. इसके अलावा 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन भी दिया जा रहा है. Fronx से लिया गया ये इंजन उन लोगों के लिए होगा जो बजट रेंज में स्पोर्टी राइड और बेहतरीन पिकअप चाहते हैं.

रिपोर्ट्स के अनुसार, Maruti अपनी आने वाली बजट कारों में एक किफायती हाइब्रिड तकनीक लाने वाली है. इस एसयूवी को भी यह शानदार हाइब्रिड सेटअप मिल सकता है, जो इसके माइलेज को रिकॉर्ड स्तर पर ले जाएगा.

संभावित कीमत और लॉन्च टाइमलाइन

Maruti ने अभी तक आधिकारिक तौर पर कोडनेम Y43 या इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई बड़ी घोषणा नहीं की है. इस वजह से ये सभी जानकारियां मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं. उम्मीद की जा रही है कि Maruti अपनी इस नई Punch-रिवल कार को साल 2027 के अंत में या 2028 की पहली छमाही में लॉन्च कर सकती है. Tata Punch की कीमतों को चुनौती देने के लिए Maruti को इसकी प्राइसिंग बेहद आक्रामक रखनी होगी. मुंबई में इसकी ऑन-रोड कीमतें 6.5 लाख से 11 लाख के बीच रहने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- 25 सितंबर तक मोबाइल नंबर अपडेट न करने पर रद्द होगा ड्राइविंग लाइसेंस? जानें सच

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maruti Suzuki, Maruti Brezza, Tata Punch, Tata Punch 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com