उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में लड़ने के लिए कांग्रेस 130 सीटें मांग रही थी. लेकिन समाजवादी पार्टी ने उसे 26 सीटों का ही ऑफर दिया है. सपा के इस ऑफर पर कांग्रेस भड़क गई है. यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि हम किसी से भीख नहीं मांग रहे हैं.
कांग्रेस को जो 26 सीटें मिली हैं, उस पर भी उसे जीत की गारंटी नहीं है. क्योंकि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इनमें से सिर्फ दो- रामपुर खास और फरेंदा सीट ही जीती थी.
रामपुर खास से आराधना मिश्रा मोना और फरेंदा से वीरेंद्र चौधरी ने जीत हासिल की थी. जबकि, बाकी की 24 सीटें एनडीए के खाते में चली गई थीं.
26 सीटों पर क्या रहे थे नतीजे?
कांग्रेस को जो 26 सीटें ऑफर की गईं हैं, उनमें से 2022 में पार्टी ने सिर्फ दो ही जीती थीं. 4 सीटें- मथुरा, कैरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर में कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी.
जबकि, बाकी बची 20 सीटों पर कांग्रेस तीसरे, चौथे, पांचवें, छठे या सातवें नंबर पर रही थी. इन 20 में से सिर्फ तीन- बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर और पिंडरा में ही कांग्रेस 10% से ज्यादा वोट मिले थे.
26 में से 10 सीटों पर पिछली बार सपा का उम्मीदवार नहीं था. जबकि एक सीट पर सपा की टिकट पर स्वामी प्रसाद मौर्य लड़े थे जो अब पार्टी छोड़ चुके हैं.
और वोट कितने मिले थे?
इन 26 में से ज्यादातर सीटों पर कांग्रेस को कोई खास वोट भी नहीं मिले थे. 4 सीटों पर कांग्रेस को 20 हजार और 2 पर 5 हजार से ज्यादा वोट मिले थे.
चार सीटों- वाराणसी कैंट (करीब 23,000), पिंडरा (करीब 48,000), गोविंद नगर (करीब 26,000) और बिलग्राम-मल्लावां (करीब 52,000) वोट मिले थे. जबकि, दो सीटें- आगरा नॉर्थ में करीब 6,000 और इगलास में 7,797 वोट मिले थे.
26 में से 14 सीटों पर कांग्रेस को 5 हजार से कम वोट मिले थे. इनमें से 6 पर पिछली बार आरएलडी के उम्मीदवार थे जबकि बची हुई 8 सीटों पर सपा के उम्मीदवार को 50 हजार से ज्यादा वोट मिले थे.
यह भी पढ़ें | 'सपा-कांग्रेस गठबंधन वह खिचड़ी है, जिसमें हमेशा कंकड़ ही निकलेंगे', डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का तंज
जातीय समीकरण क्या कहता है?
26 सीटों में से 5 मुस्लिम, 5 दलित, 3 जाट, 4 ब्राह्मण और 9 सीटों पर दूसरी जातियों का दबदबा है.
- मुस्लिम प्रभावशाली सीटें: बागपत, मोदीनगर, पडरौना, फाजिलनगर और नानपारा.
- दलित प्रभावशाली सीटें: जगदीशपुर, हापुड़, खजनी, जेवर और फरेंदा.
- जाट प्रभावशाली सीटें: इगलास, मांट और फतेहपुर सीकरी.
- ब्राह्मण प्रभावशाली सीटें: मथुरा, किदवई नगर, गोविंद नगर और खैर.
- दूसरी जातियों के प्रभाव वाली सीटें: खेरागढ़ और खुर्जा में क्षत्रिय, गोरखपुर शहर और वाराणसी कैंट में कायस्थ, पिंडरा, बिलग्राम-मल्लावां और स्याना में पिछड़ा वर्ग प्रभावशाली हैं. जबकि आगरा नॉर्थ और रामपुर खास में मिली-जुली आबादी है.
अब आगे क्या होगा?
कांग्रेस 130 सीटें मांग रही थी लेकिन सपा सिर्फ 26 सीटें देना चाहती है. सपा का कहना है कि वह अपनी मजबूत सीट भी छोड़ रही है.
हालांकि, कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि यह शुरुआती प्रस्ताव है. कांग्रेस का मानना है कि जब सत्ता में रहते सपा ने 2017 में उसे करीब 105 सीटें दी थीं. तो इस बार सीटें उससे कम नहीं होंगी.
कांग्रेस ने सपा को करीब 130 सीटों की लिस्ट दी है. इसमें मुख्य रूप से बीते लोकसभा चुनाव के नतीजे को आधार बनाया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं