विज्ञापन

लोकसभा और 2017 विधानसभा चुनाव में भी था ऐसा ही हाल, यूपी में सपा-कांग्रेस तनातनी का इतिहास पुराना

यूपी चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच बातचीत फिलहाल मुश्किल दौर में पहुंचती दिख रही है. सूत्रों के मुताबिक सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने से कांग्रेस नेताओं में नाराजगी है.

लोकसभा और 2017 विधानसभा चुनाव में भी था ऐसा ही हाल, यूपी में सपा-कांग्रेस तनातनी का इतिहास पुराना
सपा-कांग्रेस में सीटों पर संग्राम
NDTV

उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस और सपा के बीच फिलहाल पेंच फंसा दिख रहा है. दोनों तरफ के नेता एक दूसरे के खिलाफ खुलकर बयानबाजी कर रहे हैं. मंगलवार को प्रमोद तिवारी के दिल्ली वाले घर पर जो बैठक हुई उसके बाद यह कहा गया कि उत्तरप्रदेश की आधी यानी करीब 200 सीटों पर बात हो गई है. मगर कांग्रेस के नेता इस बात से भन्नाए हुए थे कि सपा ने कांग्रेस को केवल 26 सीटों का ही ऑफर दिया है.

यह खबर पहले लखनऊ से आई जिसकी पुष्टि दिल्ली में बातचीत से पहले वरिष्ठ सपा नेता रामगोपाल यादव ने ऑन रिकॉर्ड कर दी. हालांकि उसके बाद भी कांग्रेस और सपा नेताओं की बैठक करीब चार घंटे चली. उस बैठक में कांग्रेस ने अपने 130 सीटों की सूची में से 20 नाम और काट करके 110 की सूची सपा नेताओं को पकड़ा दी. देर शाम में सपा ने 5 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जिसमें सहारनपुर की दो सीटें भी थीं उसके बाद नेताओं ने बयान देना शुरू कर दिया.

कांग्रेस के सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने कह दिया कि हम कोई भिखमंगे हैं, हमें कोई भीख नहीं चाहिए. कांग्रेस के उत्तरप्रदेश के प्रभारी राजेंद्र गौतम ने कहा कि इमरान मसूद का गुस्सा जायज है, उधर से समाजवादी पार्टी के नेताओं की भी प्रतिक्रिया आ गई और लगने लगा कि कांग्रेस और सपा के बीच कहीं बातचीत ही ना अटक जाए. 

इस सब के बीच कांग्रेस ने जो 110 उम्मीदवारों की जो सूची सपा नेताओं को सौंपी थी उस पर कोई बात ही नहीं कर रहा, सारा फोकस सहारनपुर की दो सीटों पर हो गया जिसकी वजह सपा ने बताई कि वो दोनों उनकी जीती हुई सीट हैं और यह माना जाता है कि गठबंधन में अक्सर सीटिंग सीट पर सौदेबाजी नहीं होती है. 

सहारनपुर की जिन दो सीटों पर सपा ने उम्मीदवार उतारे हैं उनका इमरान मसूद और सपा से नाता बड़ा पुराना है. इमरान मसूद 2007 में एक ही बार विधायक बने. वो मुजफ्फराबाद सीट से निर्दलीय विधायक बने. यह सीट अब बेहात कहलाती है जहां से सपा ने अपना प्रत्याशी उतार दिया है. उसके बाद इमरान मसूद कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते गए मगर सफलता नहीं मिली, फिर 2022 में वो सपा में चले गए मगर कुछ ही महीनों के बाद सपा छोड़कर बसपा में शामिल हुए. उन्होंने कहा था कि मुसलमानों के हित की रक्षा बसपा में ही हो सकती है. अंत में 2023 में फिर मसूद कांग्रेस में आते हैं और 2024 में सांसद बनते हैं.

तमाम बयानबाजी के बाद अब कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के प्रभारी ने एक बयान जारी करके कहा कि दोनों तरफ से नेताओं को बयानबाजी से परहेज करने के लिए कहा है. हालांकि राजेन्द्र गौतम खुद बयान देने में कभी पीछे नहीं रहते हैं. इसे अब डैमेज कंट्रोल के रूप में भी देखा जा रहा है.

अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि आगे क्या होगा? अभी नेताओं की व्यस्तता की वजह से कांग्रेस और सपा के बीच बातचीत दो दिनों के लिए नहीं हो रही है. कांग्रेस ने जो सबसे ताजा 110 उम्मीदवारों की सूची दी है उस पर वो बातचीत करके 100 से एक दो सीट उपर तक सीटें लेने की कोशिश करेगी. 

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि 2017 में भी हमने 105 सीटों पर लड़ा था. उस वक्त अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे और कांग्रेस को 75-80 से ज्यादा सीटें देने के पक्ष में नहीं थे, जबकि कांग्रेस कम से कम 125 सीटें चाहती थी. मगर इसी तरह तनातनी और बातचीत के बाद 105 सीटों पर बात बन गई थी. कांग्रेस 2024 के लोकसभा के आधार पर सीटों का बंटवारा चाहती है. लोकसभा चुनाव में सपा 62 सीटों पर ,कांग्रेस 17 और तृणमूल कांग्रेस को 1 सीट दी गई थी. इन 17 सीटों में 85 विधानसभा सीटें आती है यानी कांग्रेस किसी तरह 100 सीटों का आंकड़ा छूना चाहेगी.

यहां पर यह बताना जरूरी है कि 2023 में जब लोकसभा की सीटों के लिए कांग्रेस और सपा के बीच बातचीत हो रही थी कि कांग्रेस के पास केवल एक ही सांसद है और दो विधायक मगर फिर भी गठबंधन में कांग्रेस को 17 सीटें मिली. उस वक्त भी जब बातचीत चल ही रही थी तब अखिलेश यादव ने बनारस से सपा उम्मीदवार के तौर पर पू्र्व विधायक सुरेन्द्र सिंह पटेल के नाम की घोषणा कर दी थी. यही नहीं सपा ने प्रयागराज और लखनऊ की सीट पर भी उम्मीदवार की घोषणा कर दिया था. बाद में बनारस और प्रयागराज सीट से कांग्रेस चुनाव लड़ी और सपा ने लखनऊ से चुनाव लड़ा. 

उस वक्त कांग्रेस के उत्तरप्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडे ने एनडीटीवी से कहा कि तब हमने बातचीत करके बात संभाल ली थी और अभी भी बातचीत से ही हल निकलेगा. अविनाश पांडे आगे कहते हैं कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बनना है तो उन्हें धैर्य, बड़प्पन और सम्मान दिखाना चाहिए क्योंकि इंडिया गठबंधन जीता तो मुख्यमंत्री वही होंगे. 

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने एनडीटीवी को बताया कि जब राहुल, प्रियंका और अखिलेश साथ बातचीत करेंगे तब सब तय हो जाएगा और इसी में रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस कितनी सीटों पर लड़ेगी यह भी साफ हो जाएगा. वैसे सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों में इतना रायता फैल चुका है कि अब शीर्ष नेतृत्व को इसे समेटना होगा.

यह भी पढ़ें | हमारे समर्थन से ही नेता विपक्ष हैं राहुल गांधी, हम आराधना मिश्रा की सीट मांग लें तो कैसा लगेगा: इकरा हसन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Election, UP Election 2026, Samajwadi Party, Congress Samajwadi Party, Congress Samajwadi Party Alliance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com