विज्ञापन

6 नए चेहरे, 2 मंत्रियों का प्रमोशन... कैबिनेट विस्तार से CM योगी ने कैसे साधे सारे समीकरण? समझिए

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार का रविवार को कैबिनेट विस्तार हुआ. विस्तार में 6 नए चेहरों को शामिल किया गया. वहीं, दो मंत्रियों को प्रमोशन हुआ है.

6 नए चेहरे, 2 मंत्रियों का प्रमोशन... कैबिनेट विस्तार से CM योगी ने कैसे साधे सारे समीकरण? समझिए
योगी कैबिनेट में इन 6 नए चेहरों को जगह मिली है.
  • योगी सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले अपने कैबिनेट का विस्तार कर छह नए मंत्रियों को शामिल किया है
  • कैबिनेट में कुल 60 मंत्री हो गए हैं, जिसमें दो मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार देकर पदोन्नत किया गया है
  • भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, कैलाश राजपूत, हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान और सुरेंद्र दिलेर को जगह मिली है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का रविवार को कैबिनेट विस्तार किया गया. योगी कैबिनेट में 6 नए चेहरों को शामिल किया गया है. दो मंत्रियों का प्रमोशन कर उन्हें स्वतंत्र प्रभार दिया गया है. कुल 8 मंत्रियों ने शपथ ली. 

6 नए चेहरों के आने के साथ ही योगी कैबिनेट अब पूरा हो गया है. उत्तर प्रदेश के कैबिनेट में 60 मंत्री हो सकते हैं. विस्तार से पहले 54 मंत्री थे. अब 60 मंत्री हो गए हैं. विधानसभा चुनाव से पहले इस कैबिनेट विस्तार को बीजेपी की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

रविवार को जिन नए मंत्रियों ने शपथ ली, उनमें- भूपेंद्र चौधरी, कैलाश सिंह राजपूत, हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर और मनोज पांडेय शामिल हैं. वहीं दो मंत्री- सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल सिंह का कद बढ़ गया है.

यह भी पढ़ेंः योगी कैबिनेट का विस्तार है यूपी 2027 के चुनाव से पहले बड़ा संदेश

योगी कैबिनेट के नए मंत्री कौन हैं?

  • भूपेंद्र चौधरी: कैबिनेट मंत्री बने हैं. पश्चिमी यूपी के बड़े जाट नेता हैं. 2016 में पहली बार MLC बने. पूर्व यूपी बीजेपी अध्यक्ष भी रह चुके हैं. संगठन और सरकार में गहरी पकड़ है. 
  • मनोज पांडेय: रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक हैं. कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं. समाजवादी पार्टी से बीजेपी में आए. अवध और पूर्वांचल के बड़े ब्राह्मण नेता हैं. ब्राह्मण समीकरण साधने में बड़ा चेहरा हैं. 
  • अजीत सिंह पाल: पहले राज्य मंत्री थे, अब स्वतंत्र प्रभार रहेगा. यूपी के सिकंदरा से बीजेपी विधायक हैं. अति पिछड़ा समाज के प्रमुख चेहरा हैं. संगठन और जमीनी राजनीति में सक्रिय हैं.
  • सोमेंद्र तोमर: गाजियाबाद की मोदीनगर सीट से विधायक हैं. पश्चिमी यूपी में गुर्जर समाज का प्रमुख चेहरा हैं. जमीनी राजनीति और संगठन में सक्रिय भूमिका है. 2022 में पहली बार विधायक बने थे. राज्यमंत्री से स्वतंत्र प्रभार मिल गया है.

  • कृष्णा पासवान: फतेहपुर से बीजेपी विधायक हैं. 4 बार विधायक और दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं. दलित चेहरे के तौर पर मजबूत पहचान है. योगी कैबिनेट में राज्य मंत्री बनाई गई हैं.
  • कैलाश सिंह राजपूत: कन्नौज की तिर्वा सीट से बीजेपी विधायक हैं. 1996 में पहली बार विधायक बने. 2017 में फिर बीजेपी में वापसी की. कन्नौज की सियासत में मजबूत पकड़ है. राज्य मंत्री बनाए गए हैं.
  • सुरेंद्र दिलेर: अलीगढ़ की खैर सीट से बीजेपी विधायक हैं. दलित युवा चेहरा हैं. पूर्व बीजेपी सांसद राजवीर दिलेर के बेटे हैं. दादा किशन दिलेर 6 बार के विधायक रहे हैं. योगी कैबिनेट में राज्य मंत्री बने हैं.
  • हंसराज विश्वकर्मा: बीजेपी के MLC हैं. पिछड़ा वर्ग राजनीति में मजबूत पकड़ है. करीब 34 साल से राजनीति में एक्टिव हैं. राम मंदिर आंदोलन में काफी सक्रिय रहे. वाराणसी में बीजेपी को मजबूत करने का श्रेय जाता है. राज्य मंत्री बनाए गए हैं.

यह भी पढ़ेंः CM योगी ने शुभेंदु अधिकारी को पहनाया भगवा पट्टा, शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री ने किया झुककर नमन

कैबिनेट विस्तार से क्या संदेश?

अगले साल फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनाव से महज कुछ ही महीने पहले हुए इस विस्तार में कई राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की गई है.

नाराज जातियों को खुश करने से लेकर क्षेत्रीय संतुलन बैठाना और दलबदलुओं को जगह देकर दूसरी पार्टियों के नेताओं को लुभाने जैसे संदेश निकल कर आ रहे हैं। पश्चिम बंगाल की प्रचंड जीत के बाद महिलाएं और अति पिछड़ों की लामबंदी के हिट फार्मूले को बीजेपी यूपी में भी लागू करना चाह रही है।

बीजेपी नेताओं के अनुसार जल्दी ही नए अध्यक्ष पंकज चौधरी की टीम का गठन भी कर दिया जाएगा ताकि कैबिनेट और संगठन दोनों के पुनर्गठन से मिशन 2027 के लिए कमर कस कर तैयार हो सकें.

अब कैसी है योगी कैबिनेट?

योगी कैबिनेट में अब एक मुख्यमंत्री, दो डिप्टी सीएम, 25 कैबिनेट मंत्री, 16 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 19 राज्य मंत्री हैं. कुल मिलाकर 60 मंत्री हो गए हैं.

यह भी पढ़ेंः पैतृक गांव पहुंचे CM योगी: 'पहाड़ के लाल' के स्‍वागत में उमड़ा जनसैलाब, मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में हुए शामिल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com