- अनुपमा सरोज सिंह समाजवादी पार्टी से सिधौली विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ सकती हैं।
- अनुपमा सिंह ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर प्रशासनिक सेवा छोड़कर सार्वजनिक जीवन में आने का फैसला किया है।
- उनका पति अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के प्रमुख प्रवक्ता हैं
Anupama sarroj singh: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल की तरह एक और पूर्व अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह भी अपना राजनीतिक भाग्य आजमा सकती हैं. माना जा रहा है कि अनुपमा सरोज सिंह उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं. इसके संकेत उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों और हाल में की जा रही पोस्टों से मिलते हैं. हालांकि, अनुपमा सरोज सिंह और समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से टिकट की घोषणा नहीं की गई है.
प्रशासनिक सेवा छोड़ने के पीछे बताई यह वजह
अनुपमा सिंह ने नौकरी छोड़ने के फैसले के पीछे अपनी मंशा जाहिर करते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्हें लोगों की समस्याओं को बेहद करीब से समझने का अवसर मिला. लेकिन कई बार ऐसी परिस्थितियां सामने आती हैं, जहां पद पर रहते हुए बड़े स्तर पर बदलाव या प्रभावी कदम उठाना संभव नहीं हो पाता. इसी वजह से उन्होंने सरकारी सेवा छोड़कर सार्वजनिक जीवन में आने का निर्णय लिया है.
राजनीतिक परिवार से है गहरा नाता
अनुपमा सिंह का राजनीतिक परिवार से भी गहरा संबंध है. उनके पति अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के चर्चित प्रवक्ता हैं. अनुराग भदौरिया अपनी बेबाक बयानबाजी और विभिन्न राजनीतिक मंचों पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने के लिए जाने जाते हैं. राजनीतिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता अक्सर सुर्खियों में रहती है.
वहीं, अनुपमा सिंह की माता सुशीला सरोज भी राजनीति का बड़ा चेहरा रही हैं. सुशीला सरोज समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं और दो बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं. उन्होंने वर्ष 1999 में मिश्रिख लोकसभा सीट से 13वीं लोकसभा का चुनाव जीता था. इसके बाद वर्ष 2009 में मोहनलालगंज लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित हुईं और वर्ष 2014 तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया.
ऐसे में अनुपमा सिंह का प्रशासनिक सेवा छोड़कर सार्वजनिक जीवन में आने का फैसला राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है. सिधौली विधानसभा क्षेत्र में भी उनके इस निर्णय को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
सिधौली की सियासत में बदल सकते हैं समीकरण
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अनुपमा सिंह समाजवादी पार्टी के साथ सक्रिय राजनीति में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगी और क्या आने वाले विधानसभा चुनाव में सिधौली की राजनीति को नया चेहरा मिलेगा? फिलहाल उनके फैसले ने जिले के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है.
बता दें कि सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित है. अनुपमा सिंह एससी वर्ग के पासी समाज से संबंध रखती हैं. सिधौली सीट पर किसी एक राजनीतिक दल का लंबे समय तक वर्चस्व नहीं रहा है. वर्ष 1952 में यहां से कांग्रेस ने जीत का खाता खोला था. इसके बाद प्रजा सोशलिस्ट पार्टी, भारतीय जनसंघ, जनता पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार यहां से चुनाव जीत चुके हैं.
🙏
— Anupama Sarroj Singh (@anupamasarroj) November 9, 2026
2022 में भाजपा के खाते में गई थी सिधौली सीट
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में सिधौली विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मनीष रावत ने जीत दर्ज की थी. ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले अनुपमा सिंह के संभावित राजनीतिक प्रवेश ने इस सीट पर मुकाबले को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. फिलहाल पार्टी की ओर से किसी आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में उनकी उम्मीदवारी को लेकर अटकलें लगातार तेज हो रही हैं.
यह भी पढ़ें- यूपी में PCS अनुपमा सरोज का VRS मंजूर, VIDEO शेयर कर बताई नौकरी छोड़ने की असली वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं