- बिहार के समस्तीपुर में छठ पूजा की तैयारियों के दौरान 16 साल के लड़के की तालाब में डूबकर मौत हो गई
- हादसे के वक्त गोलू अपने दोस्तों के साथ तालाब में रील बनाने की कोशिश कर रहा था
- मां छठी मईया से बेटे की जान बचाने की गुहार लगाती रही और छठी मईया के गीत गाती रही
छठी मइया हमारा बाबू लौटा दो, पूरी धरती आपका चमत्कार देखेगी...ये गुहार में उस बेबस मां की, जिसका 16 साल का बेटा छठ की तैयारियों के बीच तालाब में डूब गया. बेबस मां अपना आंचल फैलाए छठी मइया से बेटे की जिंदगी बचाने की गुहार लगाती रही. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. गोलू को तालाब से सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका. बेटे का शव पानी से बाहर निकलते ही मां बेसुध हो गई. वहीं परिवार और आसपास के लोगों में भी कोहराम मच गया. रोती-बिलखती मां बार-बार कह रही थी कि उनको कोई बच्चा नहीं था. छठी मईया के आशीर्वाद से उनके बेटा मिला है.
छठ पूजा तालाब में लड़के की मौत
बिहार के समस्तीपुर में छठ पूजा के पहले दिन ये दर्दनाक हादसा हो गया. दरअसल छठ पूजा के लिए बच्चे के घर के पास BBR कॉलेज में तालाब बनाया जा रहा था. 16 साल का गोलू भी रील बनाने के लिए दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया. रील बनाते समय बैंलेंस बिगड़ने से वह तालाब के गहरे पानी में गिर पड़ा. पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई.

छठ मइया के गीत गाती रही मां
गोलू को डूबता देख उसके दोस्तों ने तुरंत परिवार को घटना की जानकारी दी. मां समेत परिवार के अन्य लोग दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश में जुट गए. गोलू की मां इस दौरान लगातार छठ मइया के गीत गाती रही और झोली फैलाकर उनके बेटे को जीवन दान देने की गुहार लगाती रही. वह कह रही थी-छठ मइया, हमरा बाबू हमको लौटा दो... मां की ये भावुक पुकार देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं.
4 घंटे की तलाश के बाद तालाब से निकला बच्चे का शव
सभी यही प्रार्थना कर रहे थे कि बच्चे की जान बच जाए. वहीं करीब 4 घंटे तक एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम बच्चे की तलाश करती रही. घंटों की मशक्कत के बाद ले उसका शव तालाब से बाहर निकाला गया. बेटे का शव देख मां बेसुध हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.
ये भी पढ़ें-दिल्ली, पटना, वाराणसी…आपके शहर में सूर्यास्त और सूर्योदय का समय, छठ से जुड़े हर सवाल का जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं