रविचंद्रन अश्विन ने 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम की बालकनी में विराट कोहली के साथ हुई अपनी दिल छू लेने वाली बातचीत का खुलासा किया है. अश्विन ने बताया कि जब उन्होंने कोहली को अपने फैसले के बारे में बताया तो वह हैरान रह गए थे. बारिश के चलते मैच रूका हुआ था और गाबा के ड्रेसिंग रूम से विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन की एक तस्वीर ने फैंस का ध्यान खींचा था, जिसमें अकेले बैठे कोहली के पास अश्विन आते हैं, दोनों के बीच थोड़ी देर बातचीत होती है और इसके बाद दोनों गले मिलते हुए दिखते हैं. अश्विन के रिटायरमेंट की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी. वहीं अब इस पूर्व स्पिनर ने आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट शो 'बैठ एंड बोल' में इस बारे में विस्तार से बताया.
उन्होंने कहा कि वे मार्च 2024 में ही संन्यास लेने के बारे में सोच रहे थे. उस समय वे शानदार गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन बल्लेबाजी के दौरान उन्हें अपने घुटने की वजह से काफी परेशानी हो रही थी. उन्होंने बताया कि कोच गौतम गंभीर ने उनसे 2024 का घरेलू सीजन पूरा करने के लिए कहा था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में मिली करारी हार ने उन्हें निराश कर दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि वे अब भारत के लिए मैच नहीं जिता पा रहे हैं. हालांकि, अश्विन को ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर जगह मिली थी, जहां उन्होंने एडिलेड में भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट खेला था, जबकि ब्रिसबेन में उन्हें मौका नहीं मिला था.
अश्विन ने विराट कोहली के साथ अपनी संन्यास की बातचीत और वायरल तस्वीर को लेकर कहा," पर्थ में मैंने फैसला ले लिया था. क्योंकि अगर आप किसी विदेशी दौरे पर जा रहे हो और होटल रूम में लेटकर ऊपर पंखों को देख रहे हो, तो तुम कर क्या रहे हो. अगर आप नहीं खेल रहे हो, तो यह टीम के बारे में नहीं है. लेकिन उद्देश्य नहीं है."
पूर्व भारतीय दिग्गज ने आगे बताया,"मैं विराट कोहली को बोलने नहीं गया था. बारिश हो रही थी. जाके उनके साथ बैठा था, क्योंकि वह अकेले बैठे थे. जितना मैं और विराट कोहली एक साथ खेले हैं, मेरा और उनका रिश्ता बेहतर हुआ है, कोविड ब्रेक के बाद और बेहतर, क्योंकि जितना मैंने खेला है और मुझे बाद में जो अहसासा हुआ वो यह कि अगर आपको कोई निराशा है, वो उनकी गलती नहीं है. मेरी है. मैं उनके साथ जाकर बैठ गया और मेरे दिमाग में बोलने के लिए कुछ नहीं था."
अश्विन ने आगे कहा,"इसके बाद वह बोलने लगा, उनके दिमाग में जो है, उनकी बैटिंग के बारे में वह क्या सोचते हैं, वह टेस्ट टीम को कैसे देखते हैं, बदलाव कैसे होना चाहिए, सच बोले तो वह एक लीडर की तरह बोल रहे थे." अश्विन ने आगे कहा,"मैं सुन रहा था और फिर अचानक उन्होंने पूछा- 'तुझे क्या लग रहा है'. फिर मैंने कहा आप अभी भी तक सकते हैं. फिट हैं और मामला सिर्फ अनुशासन का है. यह अगर तकनीक का सवाल है तो आप निश्चित तौर पर कर सकते हैं."
अश्विन आगे कहते हैं,"मैंने कहा यार विराट इसके बाद ना, मुझे क्या लग रहा है यह कोई मसला नहीं होगा, क्योंकि मैं छोड़ रहा हूं. आज संन्यास लेने वाला हूं." अश्विन ने आगे कहा,"उन्होंने कहा, क्या कह रहा है. वह इमोशनल हो गए. उन्होंने पूछा कि क्या अनुमान है, कैसे फैसला लिया." अश्विन ने आगे बताया,"मैंने उनसे कहा, हो गया यार काम हो गया." "मैंने कभी आपसे कहां नहीं, लेकिन जितना आपने क्रिकेट को दिया है. मेरे करियर को दिया है. इसके लिए मैं आपका आभारी रहूंगा और यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मैंने आप जैसे दिग्गज के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया है."
यह भी पढ़ें: पिता सहवाग की तरह आर्यवीर ने भी PAK के खिलाफ रचा इतिहास, एशिया U-19 कप के सफल बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल
यह भी पढ़ें: 'मैदान बदला, अंदाज नहीं' वापसी करते ही सूर्यकुमार यादव ने मचाई तबाही, 285 के स्ट्राइक रेट से कूटे रन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं