ग्रेटर नोएडा के दादरी में बुधवार को सवर्ण समाज के लोगों ने यूजीसी कानून और आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. सैकड़ों की संख्या में लोग हाथों में झंडे लेकर दादरी के जीटी रोड से पदयात्रा निकालते हुए तहसील परिसर पहुंचे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी रोलबैक और आरक्षण में संशोधन की मांग को लेकर नारेबाजी की.
पानी की टंकी पर चढ़े प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय चर्चा का विषय बन गई जब कुछ प्रदर्शनकारी दादरी तहसील परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए. टंकी पर चढ़े लोग वहां से यूजीसी रोलबैक के समर्थन में नारे लगाने लगे. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा. किसी तरह की अप्रिय घटना न हो इसके लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा.
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन दादरी एसडीएम को सौंपा. उन्होंने कहा कि सरकार को यूजीसी कानून और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर जल्द अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आगे आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.
सवर्ण समाज ने जताई नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान पंडित पीतांबर शर्मा ने कहा, "यूजीसी का नया कानून समाज में मतभेद पैदा कर रहा है. सरकार को इस पर विचार करना चाहिए और जल्द से जल्द इसे वापस लेना चाहिए." उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो सवर्ण समाज लगातार इसका विरोध करता रहेगा.
सरकार से जल्द फैसला लेने की मांग
ललित राणा ने कहा, "सरकार यूजीसी को लेकर एक नया कानून लाई थी, लेकिन कोर्ट ने उस पर रोक लगा दी. अब सरकार इस पर अपना रुख साफ नहीं कर रही है." उन्होंने कहा कि सरकार को इस विषय पर जल्द स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा, "अगर यह कानून पास हुआ तो देश में गृह युद्ध जैसे हालात हो सकते हैं. इसलिए इस पर गंभीरता से विचार किया जाए और सरकार को तुरंत ध्यान देना चाहिए." प्रदर्शन के अंत में सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- योगी के मंत्री संजय निषाद की सपा नेता माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात, भाजपा को दे चुके हैं हार की चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं