- ग्रेटर नोएडा के शारदा गोलचक्कर पर गलत दिशा से आ रही महिला चालक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी की बाइक में टक्कर मार दी
- घायल ट्रैफिक पुलिसकर्मी मोहित राठी को तुरंत शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है
- महिला चालक आकांक्षा को हिरासत में लेकर पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में वाहनों की रफ्तार बेकाबू होती जा रही है. वाहन चालक आए दिन 'हिट एंड रन' की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला ग्रेटर नोएडा के शारदा गोलचक्कर पर बुधवार शाम को देखने को मिला. यहां गलत दिशा से आ रही एक महिला कार चालक ने ट्रैफिक पुलिस की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी मोहित राठी गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें शारदा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला चालक गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही थी. पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है.
वहीं, नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीएनजी पेट्रोल पंप (शारदा अस्पताल की तरफ) से यातायात आरक्षी मोहित कुमार मोटरसाइकिल से शारदा गोलचक्कर की तरफ आ रहे थे. तभी सामने से गलत दिशा आ रही कार की चालक आकांक्षा पत्नी आदित्य, निवासी बड़ौत, जनपद बागपत ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी.
इस हादसे में यातायात आरक्षी मोहित कुमार घायल हो गए. घायल मोहित कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है. मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ग्रेटर नोएडा में बेकाबू रफ्तार का खौफनाक मंजर
केस नंबर 1: पत्नी के जन्मदिन का केक लेकर लौट रहे युवक को उड़ाया- 5 सितंबर 2026 को हिमांशु अपनी पत्नी के साथ बर्थडे पार्टी के लिए केक लेकर आ रहा था. सड़क पार करते समय तेज गति से आई एक कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी भयंकर थी कि वह हवा में उछलते हुए दूर जाकर गिरा.
केस नंबर 2: थार चालक ने स्कूटी सवार दंपती को रौंदा, पति की मौत- 21 सितंबर 2026 को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चेरी काउंटी सोसाइटी के पास आशीष पॉल ने लापरवाही से थार जीप चलाते हुए स्कूटी सवार दंपती नीरज कुमार सिन्हा और उनकी पत्नी निशी श्रीवास्तव को टक्कर मार दी. हादसे में नीरज कुमार की मौत हो गई, जबकि निशी गंभीर रूप से घायल हो गईं. बुधवार को बिसरख पुलिस ने आरोपी चालक आशीष पॉल को गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ें- IIT दिल्ली से पढ़कर IPS बनीं Gen Z जया शर्मा, हरियाणा पुलिस की DSP ने कर दिखाया कमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं