- ग्रेटर नोएडा पुलिस ने थार हिट एंड रन मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है
- घटना में घायल हुए व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था
- पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी की गाड़ी और अन्य सबूतों को बरामद किया है
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सोमवार को हुए थार हिट एंड रन मामले में बिसरख थाना पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान आशीष पॉल के रूप में हुई है. पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ओवरटेक करने के दौरान तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी थी. इस भीषण हादसे में सुप्रीम कोर्ट के वकील नीरज कुमार सिन्हा की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है.
इटेरा इलाके में हुई थी घटना
यह घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इटेरा इलाके की है, जहां स्कूटी को टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक अपनी थार गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था. घटना के बाद से ही बिसरख थाना पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई थी, जिसके बाद आरोपी आशीष पॉल को गिरफ्तार कर लिया गया है.
परिजनों की मांग पर FIR में बढ़ी गंभीर धारा
मृतक के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी. परिजनों की इस मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमे में हिट एंड रन से जुड़ी सख्त धारा भी बढ़ा दी है. अब दर्ज एफआईआर (FIR) में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(2) जोड़ दी गई है.
मामले की जानकारी देते हुए बिसरख थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, दूसरी ओर मृतक के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की अपनी मांग दोहराई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं