विज्ञापन

5 लाख में मासूम का सौदा! मामी की साजिश से हुआ अपहरण, पुलिस मुठभेड़ के बाद 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल हुए जबकि दो महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया.

5 लाख में मासूम का सौदा! मामी की साजिश से हुआ अपहरण, पुलिस मुठभेड़ के बाद 7 आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग का अपहरण करने वाले आरोपियों को पुलिस दबोच लिया है.

ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र में छह साल के एक मासूम बच्चे के अपहरण का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. बच्चे के परिजनों ने 14 अक्टूबर को उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. मामला सामने आते ही कासना थाना पुलिस, ईकोटेक-1 थाना पुलिस और एसओजी की टीम जांच में जुट गई. सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाना शुरू किया.

एक और बच्चे को अगवा करने की तैयारी में थे आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अपहरण में शामिल आरोपी इलाके में दोबारा किसी अन्य बच्चे को निशाना बनाने की फिराक में हैं. सूचना के आधार पर ढाढा गोल चक्कर के पास चेकिंग अभियान चलाया गया. इसी दौरान एक संदिग्ध कार दिखाई दी. पुलिस ने कार रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोग भागने लगे.

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में तीन घायल

पीछा करने पर आरोपियों की कार पेड़ से टकराकर रुक गई. इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित के पैर में गोली लगी. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया. उनके कब्जे से तीन तमंचे, कारतूस और जिंदा गोलियां बरामद की गईं.

मामी की साजिश और 5 लाख का सौदा

पूछताछ में सामने आया कि 13 अक्टूबर की शाम अंकित और नकुल ने काशीराम अस्पताल के सामने खेल रहे बच्चे का अपहरण किया था. जांच में यह भी पता चला कि आरोपी सुमित की मां पुष्पा ने दिल्ली निवासी कमलेश के साथ बच्चे को बेचने की साजिश रची थी. बच्चे के बदले पांच लाख रुपये देने का सौदा तय हुआ था. इसमें से दो लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे.आरोपियों ने बच्चे को नए कपड़े पहनाए और उसके पुराने कपड़े फेंक दिए ताकि उसकी पहचान न हो सके. इसके बाद वे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग इलाकों में घूमते रहे. पुलिस लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी.

सकुशल बरामद हुआ बच्चा

पुलिस ने विकास, नकुल समेत अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया. कुल सात लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं. अपहृत बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें- बेटियों के नाम की संपत्ति, पहले बड़े बेटे की मौत अब छोटे का परिवार खत्म: ग्रेटर नोएडा 5 मौत में बड़ा खुलासा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida, Child Abduction, Police Encounter Greater Noida
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com