ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र स्थित प्यावली गंगनहर में शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे का दुखद अंत शनिवार शाम को हुआ. नहर में डूबे 10 वर्षीय तनिष का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. मासूम की मौत से गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं.
जानकारी के अनुसार तनिष पुत्र सुखवीर अपने ननिहाल प्यावली गांव आया हुआ था. शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह अपने दोस्तों के साथ गंगनहर में नहाने के लिए गया था. इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया. नहर का तेज बहाव होने के कारण वह कुछ ही क्षणों में पानी में लापता हो गया.
दोस्तों ने बचाने की पूरी कोशिश की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तनिष के साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की. उन्होंने शोर मचाया और उसे पकड़ने का प्रयास भी किया लेकिन तेज बहाव के आगे उनकी कोशिश नाकाम रही. घटना के दौरान नहर किनारे मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया जो अब सामने आया है.
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बच्चे अपने साथी को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन उसे बाहर नहीं निकाल पाते. यह वीडियो हादसे की भयावहता को बयां करता है और देखने वालों को भावुक कर रहा है.
पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया अभियान
घटना की सूचना मिलते ही जारचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया. स्थानीय गोताखोरों के साथ पीएसी की गोताखोर टीम और एनडीआरएफ के जवानों को भी तलाश अभियान में लगाया गया. पूरी रात और शनिवार दिनभर नहर में बच्चे की तलाश जारी रही.
लगातार प्रयासों के बाद शनिवार शाम को तनिष का शव नहर से बरामद कर लिया गया. शव मिलने की खबर के बाद परिवार में मातम छा गया जबकि पूरे गांव में गम का माहौल है. पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- शिलांग: कुएं के पानी को जनरेटर से निकाल रहे थे बाहर, जहरीले धुएं से घुटकर हुई पांच लोगों की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं