"मेरी पुलिस सेवा की आखिरी पोस्टिंग झज्जर में रही. जब यहां ट्रांसफर होकर आई तो मन में एक डर सा था कि ससुराल के नजदीक पोस्टिंग मिल रही है, ऐसे में लोगों की अपेक्षाएं बहुत ज्यादा होंगी. जहां कल तक मैं झज्जर की बहू थी, वहीं जब लोग मुझे बहन, दीदी और मैम कहकर संबोधित करते थे तो बहुत अच्छा लगता था..." इतना कहते-कहते अपने रिटायरमेंट पर आईपीएस डॉ. राजश्री सिंह की आंखें भर आईं.
झज्जर की जनता का जताया आभार, दिया नशे से दूर रहने का संदेश
आईपीएस राजश्री सिंह ने आगे कहा कि झज्जर के लोगों से उन्हें बहुत मान-सम्मान मिला और वे अपने काम से उनके दिलों में जगह बना पाईं, यह उनके लिए सबसे बड़ी खुशी की बात है. उन्होंने झज्जर की जनता से अपील करते हुए कहा, "मैं लोगों से इतना ही कहना चाहूंगी कि अपने बच्चों को खूब पढ़ाएं, उन्हें काबिल बनाएं और नशे से दूर रखें, क्योंकि नशा कई पीढ़ियों को तबाह कर देता है."
IPS राजश्री सिंह का हरियाणा पुलिस में 36 साल का करियर
दरअसल, आईपीएस डॉ. राजश्री सिंह हरियाणा पुलिस में 36 साल की शानदार सेवा देने के बाद 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हो गईं. वे हरियाणा के झज्जर पुलिस आयुक्त एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) के पद पर अपनी सेवाएं दे रही थीं. उनके रिटायरमेंट पर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) सुनारिया में एक भव्य सम्मान परेड का आयोजन किया गया, जहां उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया.

ips rajshri singh retirement jhajjar police commissioner
डीएसपी से एडीजीपी तक का प्रेरक सफर
गौरतलब है कि डॉ. राजश्री सिंह ने हरियाणा राज्य पुलिस सेवा में डीएसपी पद से शुरुआत कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी बनने तक का बेहतरीन सफर तय किया है. वर्ष 1990 में बतौर डीएसपी हरियाणा पुलिस में शामिल होने वाली राजश्री सिंह को वर्ष 1999 में आईपीएस के रूप में पदोन्नति मिली थी. उन्होंने अपने करियर में फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर, अपराध शाखा, यातायात एवं राजमार्ग तथा हरियाणा पुलिस अकादमी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं.
बड़ी उपलब्धियां और चर्चित एनकाउंटर
आईपीएस राजश्री सिंह को वर्ष 2025 में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) के पद पर पदोन्नत किया गया था और उसी साल उन्हें झज्जर का पहला पुलिस कमिश्नर बनाया गया. झज्जर में कुख्यात अपराधी संजय बिरधाना और उसके साथी का एनकाउंटर आईपीएस राजश्री सिंह के कार्यकाल की सबसे बड़ी व प्रभावी कार्रवाइयों में से एक माना जाता है.
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
31 जुलाई को अपनी सेवानिवृत्ति के अवसर पर आईपीएस डॉ. राजश्री सिंह ने न केवल हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, सहयोगी कर्मचारियों और परिजनों का आभार व्यक्त किया, बल्कि पौधारोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया. इस विदाई समारोह में सोनीपत की पुलिस कमिश्नर ममता सिंह, रोहतक रेंज के आईपीएस अधिकारी समरदीप सिंह, साउथ रेंज रेवाड़ी के आईजी ओमप्रकाश नरवाल और पीटीसी सुनारिया के डीआईजी मनवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने उन्हें ससम्मान विदाई दी.
Success Story: पोती अफसर तो बनी 100 वर्षीय दादी ने पहनाई नोटों की माला, पूरा गांव जश्न में डूबा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं