FIR Against Ajay Rai: यूपी के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पीएम मोदी को लेकर अभद्र भाषा (गाली) का इस्तेमाल करने पर अजय राय के खिलाफ महोबा के कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. अजय राय के अलावा निवर्तमान सचिव बृजराज समेत कुल 30 लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है. महोबा की अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने इस बारे में जानकारी दी है.
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोशल मीडिया से वीडियो संज्ञान में आया कि 22 मई को अजय राय ने कांग्रेस समर्थकों के साथ सरकारी काम में अवरोध उत्पन्न किया और आम रास्ते को रोका गया. साथ ही पीएम मोदी के लिए अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया था. जिसको लेकर कोतवाली में एक तहरीर मिली थी, जिसके आधार पर अजय राय और कांग्रेस समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
#WATCH | Uttar Pradesh: FIR registered against State Congress president Ajay Rai in Mahoba under various sections of BNS, for his remarks on PM Narendra Modi.
— ANI (@ANI) May 23, 2026
ASP Vandana Singh say, "On 22nd May 2026, a video came to our knowledge through social media wherein State president of… pic.twitter.com/xritXeDttc
मच गई थी राजनीतिक हलचल, सीएम योगी ने घेरा
पीएम मोदी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के नेता कांग्रेस पर हमलावर हो गए थे. सीएम योगी ने भी अजय राय की विवादित टिप्पणी पर विवादित प्रक्रिया देते हुए कहा था, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई यह अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति को उजागर करती है. उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी कांग्रेस के ‘युवराज' ऐसे कुसंस्कार दिखा चुके हैं. सीएम योगी ने आगे कहा कि कांग्रेस अब हताशा, निराशा और कुंठा के चरम पर पहुंच चुकी है और उसकी हालत ऐसी हो गई है कि वह देशवासियों से माफी मांगने की स्थिति में भी नहीं रह गई है.
एनडीटीवी से क्या बोले अजय राय
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने विवादित वीडियो पर एनडीटीवी से कहा कि ये बीजेपी ने आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस से वीडियो बनाकर वायरल कराया है. उन्होंने कहा कि महोबा में दलित बच्ची के साथ रेप की घटना के बाद वो उस पीड़ित बच्ची से मिलने गए थे. उस मामले को दबाने के लिए बीजेपी ने उनका वीडियो बनाकर वायरल कराया है. मुकदमे और गिरफ्तारी को लेकर अजय राय का कहना है कि एक नहीं सौ मुकदमे करा दिए जाएं या उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए, वो डरने वाले नहीं हैं. पीएम मोदी को गद्दार कहने वाले बयान पर अजय राय ने कहा कि इसमें कुछ गलत नहीं है, राहुल गांधी ने जो कहा, वो पूरी तरह सही है. उन्होंने बिजली कटौती को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि विधायक चिट्ठी चिट्ठी खेल रहे हैं, जबकि उनको इस्तीफ़ा दे देना चाहिए.
ये भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव से पहले किन मुद्दों को हवा दे रहे हैं अखिलेश यादव, लोकसभा चुनाव में कैसे किया था BJP से मुकाबला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं