न्यूजीलैंड दौरे पर जरूर भारतीय टीम वनडे सीरीज को 3-1 के साथ अपने नाम करने में कामयाब रही. मगर बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा, जो कि वर्ल्ड कप 2027 से पहले भारतीय टीम के लिए टेंशन की बात है. टूर्नामेंट के चौथे मुकाबले में पूरी भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए केवल 89 रनों पर ढेर हो गई थी. जिसके बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने बल्लेबाजी को लेकर चिंता जाहिर की थी. उनका मानना है न्यूजीलैंड जैसी परिस्थितियां ही वर्ल्ड कप के दौरान दक्षिण अफ्रीका में भी मिलने वाली हैं. टीम अगर ऐसे हालात में बार-बार जल्दी आउट होती है तो वर्ल्ड कप के दौरान हमें दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
गंभीर के विचारों से सहमत हैं रवि शास्त्री
भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री भी गंभीर के बयान से सहमत हैं. सोनी स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, 'गौतम गंभीर सही थे.'
चौथे वनडे के बाद गंभीर ने जताई थी चिंता
चौथे वनडे मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गंभीर ने कहा था, 'जब आपकी टीम 90 के आसपास सिमट जाए तो चिंता होना स्वाभाविक है. मैं क्यों चिंतित नहीं होऊंगा? ये वही परिस्थितियां हैं जो हमें वर्ल्ड कप में मिलने वाली हैं.'
उन्होंने कहा था, 'यह काफी चिंता वाली बात है. क्योंकि यहां गेंदबाजों को मदद मिलती है. ऐसे में हमें मानसिक रूप से ही नहीं, कौशल के स्तर पर भी तैयार रहने की जरूरत है.'
भारतीय कोच ने कहा था, 'मेरे लिए चिंता सिर्फ कम रन बनाना नहीं है, बल्कि यह है कि हम बहुत जल्दी ढेर हो गए. 26 से 27 ओवरों में पूरी टीम ऑल आउट हो गई.'
उन्होंने कहा, 'आशा करता हूं कि हम जल्द ही कमी को सुधार लेंगे. इंटरनेशनल क्रिकेट में कोई भी गेंद ऐसी नहीं होती जिसे खेला नहीं जा सकता है. मैट हेनरी ने अच्छी गेंदबाजी की. मगर हमें उसका अच्छे तरीके से सामना करना चाहिए था.'
गंभीर ने यह भी कहा, 'यह सिर्फ एक मैच की बात नहीं है. पिछले मुकाबले में भी हमारी टीम 111 रनों पर सात विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी.'
पांचवें वनडे मुकाबले के बाद रवि शास्त्री, गौतम गंभीर के बयान से बिल्कुल सहमत नजर आए. उन्होंने कहा कि गौतम गंभीर बिल्कुल सही थे. न्यूजीलैंड की परिस्थितियां दक्षिण अफ्रीका जैसी ही हैं. जहां हमें वर्ल्ड कप 2027 खेलना है.
उन्होंने कहा, 'पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सही कहा था कि यहां दक्षिण अफ्रीका जैसी परिस्थितियां हैं. भविष्य में आप बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं. कई बार हालात मुश्किल होंगे और आपको एक कठिन दौर से निकलना पड़ेगा. हर बार 300-320 रन बनाने का लक्ष्य नहीं रखा जा सकता है. कुछ पिचों पर 260-270 रन भी मैच जिताने के लिए काफी होते हैं.'
यह भी पढ़ें- कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी को दी चेतावनी! बोले- सचिन बनेगा या कांबली? पैसा, शोहरत, पार्टियां बर्बाद कर देंगी करियर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं