- ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में छह गांवों की 420.55 हेक्टेयर जमीन पर नई टाउनशिप विकसित की जाएगी.
- टाउनशिप में वह लोग पुनर्वासित होंगे जिनकी जमीन नोएडा एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार में अधिग्रहित हुई थी.
- प्रशासन ने सामाजिक निर्धारण रिपोर्ट तैयार कर 23 से 28 नवंबर तक छह गांवों में लोक सुनवाई आयोजित की जाएगी.
ग्रेटर नोएडा में जल्द ही एक नई टाउनशिप देखने को मिलेगी, जिसमें 6 गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा. इस टाउनशिप में उन लोगों को घर मिलेगा, जिनकी जमीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण के दौरान ली गई थी. इस नई सिटी के लिए नोएडा में जमीन को चिन्हिंत कर लिया गाय है, अब सामाजिक समाघात निर्धारण (SIA) रिपोर्ट पर गांव-गांव जाकर लोक सुनवाई होगी और उसके बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज की जाएगी. इस टाउनशिप के बनने से ग्रेटर नोएडा के लोगों की नोएडा और दिल्ली तक कनेक्टिविटी मजबूत हो जाएगी.
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में बनेगी नई सिटी
ग्रेटर नोएडा में बनने वाली यह नई सिटी जेवर क्षेत्र में ही बनेगी. इसके लिए 6 गांवों की कुल 420.55 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा. प्रशासन की तरफ से नामित एजेंसी गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय ने इस प्रस्तावित अधिग्रहण को लेकर SIA रिपोर्ट और सामाजिक समाघात प्रबंधन योजना का ड्राफ्ट तैयार किया है. जहां नोएडा डीएम की तरफ से इस ड्राफ्ट पर 23 नवंबर से 28 नवंबर तक इन सभी 6 गांवों में लोक सुनवाई कराई जाएगी.
ग्रेटर नोएडा के इन 6 गांवों की जमीन ली जाएगी
- अहमदपुर चौरोली (चौरोली)
- सादुल्लापुर उर्फ मॉडलपुर
- नीमका शाहजहांपुर (नीमका)
- जेवर बांगर
- अलावलपुर
- मंगरौली
जेवर एयरपोर्ट का विस्तार
जेवर एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार में 14 गांवों के किसानों से 1888 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है, इनमें से 6 गांव पूरी तरह विस्थापित होंगे. इन गांवों में किशोरपुर, रामनेर, बनवारीवास, नीमका, ख्वाजपुर और थोरा शामिल है. इन्हीं 6 गांवों के परिवारों को नई टाउनशिप में बसाया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि अधिग्रहण कानून के तहत प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, पुनर्वास और अन्य लाभ दिए जाएंगे.
जेवर, यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा, दिल्ली तक कनेक्टिविटी
टाउनशिप से यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली तक सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी. इसके अलावा पूर्व की ओर अलीगढ़ और मथुरा की तरफ जाने वाली सड़कों से जुड़ाव भी हो जाएगा. जबकि बुलंदशहर और खुर्जा भी कनेक्शन रहेगा. टाउनशिप एयरपोर्ट, प्रस्तावित फिल्म सिटी और मेडिकल डिवाइस पार्क के बीच एक रिहायशी हब के तौर पर विकसित होगी. नोएडा और ग्रेटर नोएडा को इस टाउनशिप से सीधा फायदा होगा, क्योंकि जेवर एयरपोर्ट का विस्तार समय पर पूरा होगा, जिससे पूरे NCR को एक नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिलेगा और इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा.
ग्रेटर नोएडा 6 गांवों पर बनने वाली यह नई टाउनशिप सिर्फ विस्थापितों के पुनर्वास की योजना नहीं है, बल्कि जेवर एयरपोर्ट के आसपास एक नया, प्लान्ड शहर बसाने की शुरुआत है. लोक सुनवाई के बाद नया इस शहर पर तेजी से काम शुरू हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं