- मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से बेंगलुरु देश का तीसरा अर्बन सेंटर बन गया है, जिसका नेटवर्क सौ किलोमीटर से अधिक है
- वंदे भारत ट्रेन से कर्नाटक को गोवा से जोड़ा गया है, जिससे तटीय मार्ग पर सेमी हाईस्पीड ट्रेन का अनुभव मिलेगा
- भारत की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता तीन सौ मेगावाट से अधिक हो गई है, जिससे नागरिक बिजली के उत्पादक भी बन रहे हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों को प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधित किया. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "राज्यपाल सुधा यादव के साथ मंच पर पहला कार्यक्रम शेयर करने का अवसर मिला है. कर्नाटक के लोगों को उनका पूरा परिचय नहीं होगा. लेकिन उनके जीवन के बारे में मैं जरूर कहना चाहूंगा. देश सेवा क्या होती है, देश के लिए समर्पण क्या होता है? सुधा यादव और उनके परिवार के जीवन से हम जान सकते हैं. कारगिल की लड़ाई में उनके पति ने सर्वोच्च बलिदान दिया था.
उसके बाद भी उन्होंने मां भारती की सेवा करने का अपना प्रण निभाते हुए, अपने पति की याद में आज तक सेवाभाव से काम कर रही हैं. संसद में रहकर उन्होंने अनेक विषयों में मार्गदर्शन दिया. आज कर्नाटक के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि के लिए अपना योगदान दे रही हैं. इसके लिए मैं उनको बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं."
पीएम ने कहा, "सबसे पहले मैं बेंगलुरु की अधिष्ठात्री देवी को श्रद्धापूर्वक प्रणाम करता हूं. आज का दिन कर्नाटक की विकास यात्रा को एक नई गति देने वाला है. आज यहां कनेक्टिविटी और एनर्जी सिक्योरिटी से जुड़ी 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं. मेट्रो और रेल से जुड़ी परियोजनाओं से लेकर एनर्जी सिक्योरिटी के काम तक, ये सभी परियोजनाएं कर्नाटक के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ताकत देने वाली हैं.
किसी भी देश की विकास यात्रा में इंफ्रास्ट्रक्चर की बहुत बड़ी भूमिका होती है. बेहतर कनेक्टिविटी तरक्की, रोजगार और उद्योग की नई संभावनाएं बढ़ाती है और जब विकास के ये अवसर समाज के हर वर्ग तक पहुंचते हैं, तो गरीबी के खिलाफ लड़ाई भी मजबूत होती है. इसी का परिणाम है कि बीते वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ नागरिक भीषण गरीबी से बाहर आए हैं."
उन्होंने कहा, "आज शुरू हो रहीं परियोजनाएं भी इसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने वाली हैं. ये विकसित कर्नाटक और विकसित कर्नाटक से विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगी. साथ ही टेक सिटी के रूप में बेंगलुरु की पहचान को और सशक्त करेंगी. केंद्र सरकार नम्मा मेट्रो के साथ पार्टनरशिप में अपना नेटवर्क बढ़ाने के लिए काम कर रही है.
2014 में मेट्रो नेटवर्क सिर्फ 14 किलोमीटर तक फैला था. आज यह 100 किलोमीटर से ज्यादा हो गया है. हम लगातार सेंचुरी बना रहे हैं. दिल्ली-एनसीआर और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के बाद, बेंगलुरु देश का तीसरा अर्बन सेंटर बन गया है, जिसने अपने मेट्रो नेटवर्क में 100 किलोमीटर का आंकड़ा पार कर लिया है. ये ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ ट्रैवल को लेकर देश की नई सोच का परिणाम है."
पीएम ने कहा, "कुछ दिन पहले कर्नाटक को राज्य की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिली थी और आज कर्नाटक को गोवा से जोड़ने वाली वंदे भारत ट्रेन मिली है. इस ट्रेन से कर्नाटक-मेंगलुरु समेत पूरे तटीय मार्ग के साथियों को सेमी हाईस्पीड ट्रेन का नया अनुभव मिलेगा. विकसित भारत के निर्माण में कनेक्टिविटी के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा की भी बड़ी भूमिका है. ईरान और खाड़ी देशों के आसपास चल रहे युद्ध ने यह दिखाया है कि ऊर्जा सुरक्षा कितनी जरूरी है. भारत के लिए भी यह चुनौतीपूर्ण समय रहा."
उन्होंने कहा, "बीते दशक में ऊर्जा सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों ने हमें इस संकट का सामना करने में मदद की. हमने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी उत्पादन की क्षमता बढ़ाई. कच्चे तेल के भंडारण की व्यवस्था विकसित की. सोलर, हाइड्रो और विंड एनर्जी का विस्तार किया. रेलवे का लगभग शत-प्रतिशत विद्युतीकरण किया और मेट्रो जैसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत बनाया."
पीएम ने कहा, "एनर्जी सिक्योरिटी का एक जरूरी पहलू बिजली बनाना है. आज, भारत सोलर पावर से लेकर दूसरे उभरते एनर्जी सॉल्यूशन तक, नई टेक्नोलॉजी में लीडरशिप हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है. भारत की रिन्यूएबल एनर्जी कैपेसिटी अब 300 मेगावाट को पार कर गई है. केंद्र सरकार की योजनाओं की वजह से, नागरिक अब सिर्फ बिजली के उपभोक्ता ही नहीं बल्कि उत्पादक भी बन रहे हैं.
हमारा प्रयास है कि मध्यम वर्ग की बचत बढ़े. उसकी क्रय क्षमता मजबूत हो और वो अपने परिवार के सपने पूरे करने के साथ देश की आर्थिक प्रगति में भी भागीदार बने. कर्नाटक में हो रहा यह आयोजन भी इसी विकास यात्रा को नई गति देने वाला है. आप सभी को नए प्रोजेक्ट्स की बहुत-बहुत शुभकामनाएं."
यह भी पढ़ें | बेंगलुरु-गोवा वंदे भारत ट्रेन लॉन्च, एक महीने में तीसरी ट्रेन ने पकड़ी रफ्तार, जानें टिकट प्राइस और रूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं