इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में महज 20 दिन पहले हुई शादी का दर्दनाक अंत हो गया. पत्नी पर गलतफहमी के चलते हुए विवाद के बाद 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद सदमे में आई नवविवाहिता ने भी पहले नींद की गोलियां खाकर और फिर साड़ी से फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की. गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. पुलिस के अनुसार मामला पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और गलतफहमी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है.
बाजार में हुई घटना से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के जुगरामऊ गांव निवासी अंकित कुशवाह की शादी करीब 20 दिन पहले मधु से हुई थी. रविवार को दोनों कपड़े खरीदने बाजार गए थे. मधु के मुताबिक, बाजार में एक युवक उसका पर्स छीनकर भागने लगा. इसी दौरान अंकित को गलतफहमी हो गई कि उसकी पत्नी किसी दूसरे युवक के साथ जाने की कोशिश कर रही है. इस बात को लेकर दोनों के बीच सड़क पर ही कहासुनी और मारपीट हो गई.
सुबह फिर हुआ झगड़ा
परिजनों के अनुसार रविवार को हुआ विवाद सोमवार सुबह भी जारी रहा. मधु का आरोप है कि सुबह भी पति ने उससे मारपीट की. इसके बाद अंकित घर से निकल गया. कुछ देर बाद परिवार को जानकारी मिली कि घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही परिवार और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए.
पति की मौत की खबर सुन टूट गई पत्नी
अंकित की मौत की खबर मिलते ही पत्नी मधु गहरे सदमे में आ गई. परिजनों के अनुसार उसने पहले नींद की गोलियां खा लीं और बाद में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. परिजनों ने समय रहते उसे बचा लिया और गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
अस्पताल में किया हंगामा
इलाज के दौरान होश में आने के बाद मधु ने अस्पताल में हंगामा भी किया. बताया गया कि उसने ऑपरेशन थिएटर में इलाज कराने से इनकार कर दिया था. बाद में डॉक्टरों और परिजनों के समझाने पर उसका उपचार जारी रखा गया. उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना का असर दोनों परिवारों पर पड़ा है. जानकारी के अनुसार इस हादसे से सदमे में दुल्हन की दादी की भी तबीयत बिगड़ गई है. महज 20 दिन पहले जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम का माहौल है.
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. अंकित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : मैसूर में पत्नी और 2 बेटियों की हत्या के बाद कारोबारी ने की आत्महत्या; सुसाइड नोट में लिखी अपनी अंतिम इच्छा
यह भी पढ़ें : समृद्धि महामार्ग पर चलती कार में पत्नी की हत्या; बच्चों को लेकर शव के साथ घंटों घूमा, थाने में किया सरेंडर
यह भी पढ़ें : सिपाही को बलि का बकरा न बनाएं; सिवान AK-47 फायरिंग मामले में तेजस्वी ने कहा- न्यायिक जांच हो, नहीं तो आंदोलन
यह भी पढ़ें : सुहागरात और हवन के बाद अब चलती ट्रेन में पूजा; AC कोच का वीडियो वायरल, आस्था vs सुरक्षा पर बहस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं