विज्ञापन

नौसेना के जवान की अंतिम विदाई में रो पड़ा पूरा गांव, पत्नी- 2 मासूम बच्चों की भी साथ उठी अर्थी

झुंझुनूं जिले के ककराना गांव में निवासी नौसेना के जवान पूरणमल मेहरा की परिवार वालों से 6 दिन पहले बात हुई थी. उसके बाद से उनका कोई पता नहीं था.

नौसेना के जवान की अंतिम विदाई में रो पड़ा पूरा गांव, पत्नी- 2 मासूम बच्चों की भी साथ उठी अर्थी
नौसेना के जवान, पत्नी- 2 मासूम बच्चे की एक साथ अंतिम विदाई
  • राजस्थान के झुंझुनूं में उनके गांव में नौसेना के जवान का अंतिम संस्कार हुआ.
  • झुंझुनूं के ककराना निवासी पूरणमल मेहरा 2015 में नेवी में भर्ती हुए थे.
  • पूरणमल अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मुंबई में सरकारी घर में रहते थे.

भारतीय नौसेना (Indian Navy) के जवान पूरणमल मेहरा, उनकी पत्नी और 2 बच्चों का सोमवार को राजस्थान के झुंझुनूं में उनके गांव में अंतिम संस्कार हुआ. जिस समय 2 बच्चों और पत्नी व नौसेना के जवान का शव गांव पहुंचा तो चार-चार पार्थिव शरीर देखकर परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया. जानकारी के मुताबिक, शनिवार को चारों का शव दक्षिण मुंबई के नेवी नगर इलाके में स्थित सरकारी घर में मिला था. जवान पूरणमल 2015 में नौसेना में भर्ती हुए थे और उनकी 2020 में शादी हुई थी.

अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

नेवी जवान पूरणमल की अंतिम यात्रा के दौरान हर किसी आंखे नम हो गईं. चारों के शव गुढ़ागौड़जी थाने से सेना के वाहन से गांव लाए गए. शव ककराना गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई. जवान पूरणमल की अंतिम यात्रा सेना के वाहन से निकाली गई, जबकि उनकी पत्नी ओमा की अर्थी परिजनों ने कंधे पर उठाई.

तीन वर्षीय बेटे यश और तीन महीने की मासूम बेटी के शवों को परिजन और ग्रामीण गोद में लेकर अंतिम संस्कार स्थल तक पहुंचे. बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचे. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV

2015 में नौसेना में भर्ती हुए थे पूरणमल

श्मशान घाट पर नौसेना जवान पूरणमल मेहरा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. सेना के जवानों ने उनके पिता शंभू दयाल मेहरा को तिरंगा सौंपा. इसके बाद पति-पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया. जवान के छोटे भाई मुकेश कुमार ने मुखाग्नि दी. पूरणमल के छोटे भाई मुकेश कुमार ने बताया कि पूरणमल वर्ष 2015 में जोधपुर से नौसेना में भर्ती हुए थे. वर्ष 2020 में उनकी शादी सीकर जिले के खंडेला निवासी ओमा मेहरा से हुई थी. पूरणमल करीब 9 महीने पहले गांव ककराना आए थे. परिजनों की करीब 6 दिन पहले उनसे फोन पर बातचीत हुई थी. 

एक ही बिस्तर पर मिले पत्नी, दोनों बच्चों के शव

इसके बाद पिछले 3 दिनों से परिवार के लोग उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इस पर पूरणमल के पिता शंभूलाल मेहरा ने नौसेना के कंट्रोल रूम को सूचित किया कि उनका बेटा बार-बार फोन कॉल करने के बावजूद जवाब नहीं दे रहा है. इसके बाद नौ सेना के जवानों की एक टीम 15 अगस्त को मुंबई के हाई-सिक्योरिटी नेवी नगर स्थित सरकारी आवास पर पहुंची, जहां पर पूरनमल फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि उनकी पत्नी ओमा मेहरा, 03 वर्षीय बेटे यश और 03 महीने की बेटी कमरे में बिस्तर पर मृत पाए गए. 

Latest and Breaking News on NDTV

पूरणमल के बड़े भाई भी सेना में 

पूरणमल तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे. उनके बड़े भाई बृजलाल मेहरा सेना में हैं, जबकि छोटा भाई मुकेश गांव में ही रहता है. पिता शंभू दयाल गांव में किराना दुकान चलाते हैं. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि पूरणमल मेहरा (30) ने फंदा लगाकर जान दे दी. उसकी पत्नी ओमा (28), तीन साल के बेटे यश और दो महीने के शिशु की मौत प्रथम दृष्टया जहर खाने से हुई. तीनों के शव घर में एक बिस्तर पर मिले.

मेडिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. कफ परेड पुलिस अभी अंतिम मेडिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आत्महत्या करने से पहले मेहरा ने कथित तौर पर परिवार के अन्य सदस्यों को कौन सा पदार्थ या जहर दिया था.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे और जांचकर्ताओं को आशंका है कि घटना से पहले उनके बीच कहासुनी हुई होगी. पुलिस हत्या और आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. फिलहाल किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है. ककराना गांव में चारों शव पहुंचने के बाद माहौल बेहद गमगीन हो गया. एक साथ जवान, उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चों की अंतिम विदाई ने हर किसी को भावुक कर दिया.

यह भी पढ़ें-

धौलपुर के ITBP जवान की ड्यूटी पर गई जान, शिवपुरी के करैरा कैंप में थी तैनाती

सांवले रंग पर ससुराल वाले मारते थे ताना, सेल्‍समैन ने आत्‍महत्‍या की; चार पन्‍नों का म‍िला सुसाइड नोट 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Navy Sailor Suicide, Indian Navy, Rajasthan News, Jhunjhunu News, Jhunjhunu News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com