- बिहार के लखीसराय जिले के अशोक धाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को भीड़ बढ़ने से भगदड़ हुई
- भगदड़ में सात लोगों की मौत हुई और कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं
- भीड़ बढ़ने के कारण बैरिकेडिंग टूट गई और बिजली का पोल गिरने से अफरा-तफरी मची
बिहार के लखीसराय जिले में सोमवार के दिन बड़ी घटना हो गई. यहां के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सुबह के वक्त भीड़ मच गई. सावन का तीसरा सोमवार होने की वजह से मंदिर में काफी भीड़ थी. ऐसे में अचानक से भगदड़ हो गई. घटना में 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. लखीसराय के जिलाधिकारी ने बताया कि सुबह के वक्त मंदिर में अचानक से अप्रत्याशित भीड़ बढ़ जाने की वजह से यह हादसा हुआ है. एक दूसरे से आगे निकलने के चक्कर में बैरिकेडिंग टूट गई जिससे अफरा-तफरी मची और भगदड़ हो गई.
मंदिर में सुबह 6 बजे से ही लगी थी लाइनें
लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ बढ़ रही थी. मैं खुद 3 बजे के बाद से ही यहां था. दो ट्रेनें एक साथ स्टेशन पर आई थी. ऐसे में मंदिर पहुंचने वाले भक्तों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ. सुबह 6 बजकर 30 मिनट के बाद भीड़ तेजी से बढ़ती जा रही थी. बैरिकेंडिग टूटने के बाद भगदड़ मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत नीचे दबे लोगों को निकालना शुरू किया और बाहर तैनात एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल रवाना किया गया.

सावन का तीसरा सोमवार
दरअसल, सावन का तीसरा सोमवार होने की वजह से अशोक धाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह-सुबह बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे थे. जिसमें महिलाओं की संख्या ज्यादा थी. लखीसराय के जिलाधिकारी का कहना है कि मंदिर प्रशासन की तरफ से व्यवस्थाएं की गई थी. लेकिन भीड़ तेजी से बढ़ती जा रही थी. घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन की टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. जिसके बाद मंदिर में राहत और बचाव कार्य चलाया गया. तुरंत स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई और लोगों को मंदिर से बाहर निकाला गया.
🔴#BREAKING | बिहार के लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में हुई भगदड़, प्रशासन ने दी हादसे की पूरी जानकारी#Bihar | @ranjanasingh95 pic.twitter.com/mEGm3guOvd
— NDTV India (@ndtvindia) August 17, 2026
इसके अलावा ANI के मुताबिक SDPO शिवम कुमार ने बताया कि लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ के बाद सात लोगों की मौत की खबर है. बताया जा रहा है कि वहां बिजली का एक खंभा गिर गया और लोग बिजली की चपेट में आ गए. इसी वजह से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. हम पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही सही वजह बता पाएंगे. घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पीएम मोदी ने घटना पर जताया दुख
बिहार के लखीसराय जिले के अशोक नाथ धाम मंदिर में हुई भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है. उन्होंने कहा 'बिहार के लखीसराय में भगदड़ से हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है.' घटना के बाद स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है. जबकि यहां प्रशासन भी अलर्ट पर है.
Pained by the loss of lives due to a stampede in Lakhisarai, Bihar. My thoughts are with the bereaved families in this hour of grief. May the injured recover at the earliest. The local administration is assisting those affected: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) August 17, 2026
सीएम सम्राट ने किया मुआवजे का ऐलान
लखीसराय की घटना पर पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने मुआवजे का ऐलान कर दिया है. उन्होंने लिखा 'लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा. दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है.

मंत्री विजय सिन्हा लखीसराय रवाना
बिहार सरकार में मंत्री विजय सिन्हा घटना के बाद अशोक धाम मंदिर के लिए रवाना हो गए हैं. जबकि सीनियर अधिकारियों को भी तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं.
लखीसराय जिले का प्रसिद्ध मंदिर
अशोक धाम मंदिर बिहार के लखीसराय जिले का प्रसिद्ध मंदिर है. जो जिला मुख्यालय से 6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. बताया जाता है कि यहां एक लड़के ने शिवलिंग का पता लगाया था, जिसका नाम अशोक था, जिसके चलते इस मंदिर का नाम अशोकधाम मंदिर हो गया. मंदिर में भगवान शंकर के साथ माता पार्वती और नंदी महाराज विराजमान हैं. मंदिर में माता दुर्गा का भी मंदिर है. सावन महीने में यहां हर साल भक्तों की भारी भीड़ जुटती हैं.
ये भी पढ़ेंः पोल टूटा और करंट की अफवाह से मच गई भगदड़...लखीसराय अशोक धाम मंदिर हादसे की वजह आई सामने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं