विज्ञापन

कांग्रेस और INDIA गठबंधन देश को अराजकता की ओर धकेल रहे; गाजियाबाद में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा की रैली में कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष देश को अराजकता और अस्थिरता की ओर धकेलने का प्रयास कर रहा है.

कांग्रेस और INDIA गठबंधन देश को अराजकता की ओर धकेल रहे; गाजियाबाद में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान में शामिल हुए सीएम योगी आदित्यनाथ
NDTV
  • लोकतंत्र बचाओ अभियान में शामिल हुए सीएम योगी
  • INDIA गठबंधन पर योगी का आरोप, कहा- देश में अस्थिरता फैलाना चाहता है विपक्ष
  • योगी बोले- लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहा विपक्ष
गाजियाबाद:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष देश को अराजकता, अस्थिरता और अव्यवस्था की ओर धकेलने का प्रयास कर रहा है. गाजियाबाद में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल हुए सीएम योगी ने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था जनता के विश्वास और जनादेश के सम्मान पर आधारित है. उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और संस्थाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है.

लोकतंत्र को बताया राष्ट्रीय शक्ति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा, 'लोकतंत्र के बारे में आज कांग्रेस हमें उपदेश दे रही है. ये वही कांग्रेस है जिसने 1975 में देश में आपातकाल लागू किया था. देश के अंदर आपातकाल के मंसूबों के साथ चलने वाली कांग्रेस जब आज लोकतंत्र पर उपदेश देती है तो यह बड़ी हास्यास्पद स्थिति सी उनके सामने खड़ी करती है अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र भारत की राष्ट्रीय शक्ति है. यह जनता के विश्वास, संवैधानिक मूल्यों के पालन और जनादेश के सम्मान पर आधारित है.

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि आपने पिछले कुछ समय से कांग्रेस की अराजकता को देखा होगा कि कैसे वो अपने स्वार्थ के लिए दुनिया के सबसे प्राचीन और सबसे बड़े लोकतंत्र को ही अविश्वसनीय बनाने की कुत्सित चेष्टा कर रही है. पहली बार नहीं हुआ है. भारत के संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना, उन्हें कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस की प्रवृती बन चुकी है. आश्चर्य होता है कि देश के संवैधानिक संस्थाओं पर अनर्गल टिप्पणी करके, लोकतंत्र के प्रति अनास्था व्यक्त करके कांग्रेस भारत के स्वाधीनता संग्राम सेनानियों की विरासत को अपमानित करने का पाप कर रही है.

सीएम योगी ने आगे कहा 'आज कांग्रेस और उसके सहयोगी दल के दिल्ली में प्रदर्शन के पीछे कारण क्या है? एक ही कारण है क्योंकि पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत ने पहचान बनाई है, विरासत और विकास की यात्रा को शानदार तरीके से आगे बढ़ाने का काम किया है. कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सिर्फ कटघरे में खड़ा करके रुकावट बनना चाहते हैं.'

भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और भारत के लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए समर्पित है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत जनता के विश्वास और उनकी सक्रिय भागीदारी में निहित होती है. इसलिए जनता और लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच विश्वास को मजबूत बनाए रखना जरूरी है.

दिवाली पर ODOP उत्पाद खरीदने की अपील

एक अन्य संदेश में मुख्यमंत्री ने लोगों से दिवाली के अवसर पर उत्तर प्रदेश के एक जिला एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत तैयार उत्पादों को उपहार के रूप में अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि दिवाली केवल उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा करने का अवसर भी है. ऐसे में लोगों को उन कारीगरों और शिल्पकारों को भी याद रखना चाहिए, जिनकी मेहनत ने प्रदेश की पारंपरिक कला और शिल्प को नई पहचान दिलाई है.

निर्यात में बढ़ रहा ODOP का योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडीओपी योजना ने उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला और उत्पादों को नई पहचान दी है. आज प्रदेश के कुल निर्यात में इन उत्पादों की हिस्सेदारी करीब 50 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश को 81 जीआई टैग प्राप्त हो चुके हैं, जिससे उत्तर प्रदेश के विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है.

आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का संकल्प

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों के परिश्रम का सम्मान है. यह प्रधानमंत्री मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' अभियान और 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को भी मजबूत करता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि इस दिवाली ओडीओपी उत्पादों को उपहार के रूप में अपनाकर स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन दें और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में योगदान करें.

यह भी पढ़ें : यूपी में अग्निवीरों को 20% आरक्षण; सेना से लौटते ही सरकारी नौकरी, गोंडा से CM योगी ने किया ऐलान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yogi Adityanath, Loktantra Bachao Arajakta Hatao March, BJP, Congress, INDIA Alliance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com