- अग्निवीरों को लेकर योगी सरकार का बड़ा फैसला
- 4 साल सेना में सेवा, फिर यूपी सरकार में नौकरी; योगी ने बताया पूरा प्लान
- यूपी में अग्निवीरों को 20% आरक्षण, पुलिस-पीएसी में मिलेगी सीधी भर्ती
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा दौरे के दौरान अग्निवीरों को लेकर बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में चार वर्ष की सेवा पूरी कर वापस लौटने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश सरकार विभिन्न विभागों में नौकरी देगी. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन विभाग और कारागार सहित अन्य विभागों में अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. NDTV के लिए अनुराग कुमार सिंह की रिपोर्ट.
अग्निवीरों के लिए नौकरी और 20 प्रतिशत आरक्षण
गोंडा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होकर चार वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश सरकार अपने विभिन्न विभागों में समायोजित करेगी.
अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में 20 फीसदी आरक्षण देने जा रहे हैं... https://t.co/eQaTZbmYtL
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 2, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा, 'अग्निवीर चार वर्ष की सेवा के बाद जब वापस आएंगे, तो उन्हें पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन विभाग, कारागार विभाग और अन्य सरकारी विभागों में 20-20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा.' उन्होंने यह भी कहा कि इन युवाओं को दोबारा किसी परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा. उनके सैन्य प्रशिक्षण और अनुभव को देखते हुए सीधे भर्ती की व्यवस्था की जाएगी.
520 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा में 520 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए बिना किसी भेदभाव के सभी जनपदों में विकास कार्य करा रही है.
मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले साढ़े नौ वर्षों में अकेले गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जबकि देवीपाटन मंडल के लिए करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है.
कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दंगों और कर्फ्यू की पहचान से बाहर निकलकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान पूरे प्रदेश में लगभग 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गईं और सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए. सरकार की नीति है कि सभी नागरिक अपनी आस्था और परंपराओं के अनुसार धार्मिक आयोजन कर सकें.
7 नवंबर को हम लोग श्री अयोध्या धाम जाएंगे। दीपोत्सव का यह 10वां संस्करण होगा... https://t.co/VYLhOMjNwW
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 2, 2026
दीपोत्सव और धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 7 नवंबर को अयोध्या में दीपोत्सव का दसवां संस्करण आयोजित होगा. उन्होंने कहा कि अयोध्या में जलने वाले दीपों की रोशनी विकास के रूप में पूरे देवीपाटन मंडल और गोंडा तक पहुंचेगी. उन्होंने बताया कि सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ प्रमुख आस्था केंद्रों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है. गोंडा में बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर, स्वामीनारायण मंदिर छपिया और मां वाराही देवी मंदिर के विकास के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है.
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा में महाराजा देवी बख्श सिंह मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया है. इसके अलावा बहराइच में महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज स्थापित किया गया है, जबकि बलरामपुर में अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है. उन्होंने कहा कि देवीपाटन मंडल में विश्वविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल रहे हैं.
युवाओं को रोजगार देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले छह महीनों में प्रदेश के एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की योजना है. उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबल और 42 हजार होमगार्ड जवानों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे. इसके अतिरिक्त शिक्षकों, अधीनस्थ सेवाओं और अन्य विभागों में 25 से 30 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है.
किसानों और गरीबों के लिए योजनाएं
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है. पराली और गोबर के आर्थिक उपयोग तथा कंप्रेस्ड बायोगैस और इथेनॉल उत्पादन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने लोगों से 7 नवंबर को अयोध्या दीपोत्सव में सहभागी बनने और जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करने की अपील भी की.
यह भी पढ़ें : नकारात्मकता से दूर रहें युवा, सत्ता का अर्थ समझाया, दिवाली से पहले CM योगी की पाती में छिपे हैं कई संदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं