विज्ञापन

बरेली हिंसा से 7 दिन पहले हुई बैठक में रची गई थी साजिश; मौलाना तौकीर के दो करीबी गिरफ्तार, पूछताछ में उगले राज

बरेली की 26 सितंबर 2025 हिंसा मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में दोनों के 19 सितंबर की बैठक और घटना वाले दिन भीड़ के साथ मौजूद रहने की बात सामने आई है. पुलिस अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

बरेली हिंसा से 7 दिन पहले हुई बैठक में रची गई थी साजिश; मौलाना तौकीर के दो करीबी गिरफ्तार, पूछताछ में उगले राज
बरेली हिंसा केस में बड़ा एक्शन, दो और आरोपी गिरफ्तार
NDTV
बरेली:

उत्तर प्रदेश के बरेली में 26 सितंबर 2025 को हुई हिंसा मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कैंट थाना पुलिस ने फरीदापुर चौधरी निवासी रफीक बेग और मुख्तियार अहमद को हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार दोनों के नाम जांच के दौरान सामने आए थे. पूछताछ में 19 सितंबर को हुई एक बैठक में शामिल होने और घटना वाले दिन भीड़ के साथ इस्लामिया ग्राउंड की ओर जाने की जानकारी मिली है. पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है और अब वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है.

घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस के अनुसार दोनों के फरीदापुर चौधरी इलाके में होने की सूचना मिली थी. इसके बाद कैंट पुलिस ने घेराबंदी की और खाली मैदान के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया. रफीक बेग की उम्र 58 साल बताई गई है. दोनों इसी इलाके के रहने वाले हैं. गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया.

पूछताछ में उगले राज

पुलिस की पूछताछ में 19 सितंबर को फरीदापुर चौधरी में हुई एक बैठक की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक पहले बैठक के लिए दूसरी जगह तय थी, लेकिन जगह कम पड़ने पर इसे बेग मैरिज हॉल में किया गया. पुलिस का दावा है कि बैठक में करीब 100 से 125 लोग मौजूद थे. पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने इस बैठक में शामिल होने की बात बताई है. पुलिस का दावा है कि बैठक में 26 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम और उससे जुड़े घटनाक्रम को लेकर प्लान किया गया था जिसमें दोनों शामिल थे.

घटना वाले दिन दोनों के भीड़ के साथ इस्लामिया ग्राउंड की ओर जाने की बात भी पुलिस ने कही है. पुलिस के मुताबिक हालात बिगड़ने के बाद दोनों वहां से कचहरी की तरफ निकल गए थे. हिंसा के मामले में कार्रवाई शुरू होने के बाद से दोनों पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे.

पुलिस ने पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों को 26 सितंबर की हिंसा से जुड़े वीडियो भी दिखाए. पुलिस का दावा है कि वीडियो देखने के बाद दोनों ने उसमें दिखाई दे रहे कुछ लोगों को पहचानकर उनके नाम बताए हैं. अब पुलिस इन नामों का वीडियो फुटेज और दूसरे साक्ष्यों से मिलान करा रही है. जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ आगे कार्रवाई की जाएगी.

अज्ञात आरोपियों की पहचान की जांच जारी

पुलिस के मुताबिक हिंसा के मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था. इसमें मौलाना तौकीर रजा समेत करीब 25 लोगों को नामजद किया गया था और कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया. विवेचना के दौरान पुलिस के अनुसार 66 अन्य लोगों के नाम सामने आए, जिनके खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जा चुकी है. बाकी अज्ञात आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है.

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रफीक बेग के खिलाफ कोतवाली, प्रेमनगर, किला और बारादरी समेत अलग-अलग थानों में 11 मुकदमे दर्ज हैं. इनमें 2025 की हिंसा से जुड़े मामले भी बताए गए हैं. वहीं मुख्तियार अहमद के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में चार मुकदमे दर्ज हैं. इनमें इज्जतनगर थाने में वर्ष 2004 और 2014 में दर्ज मामले भी शामिल हैं.

पुलिस अब पूछताछ में सामने आए नामों और वीडियो फुटेज की जांच कर रही है.

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि कैंट थाना प्रभारी संजय कुमार धीर के नेतृत्व में कैंट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया. 26 सितंबर की हिंसा के मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था. विवेचना के दौरान 66 लोगों के नाम सामने आए और उनके खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की जा चुकी है. इसी जांच में रफीक बेग और मुख्तियार अहमद के नाम भी सामने आए थे. पूछताछ में दोनों के 19 सितंबर की बैठक में शामिल होने और घटना वाले दिन भीड़ के साथ घटनास्थल की ओर जाने की जानकारी मिली है. पुलिस ने दोनों को वीडियो दिखाकर अन्य लोगों की पहचान भी कराई है. सीओ के मुताबिक जिन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका की जांच चल रही है और पुष्टि होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : बरेली हिंसा मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपियों को एनकाउंटर के बाद किया गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bareilly Violence Case, Bareilly Riot, Maulana Tauqeer Raza, Bareilly Police, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com