विज्ञापन

UPPSC परीक्षा में 10 लाख की डील, दोस्त की जगह परीक्षा देने पहुंचा रेलवे टेक्नीशियन; ऐसे पकड़ में आया

UPPSC की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा में फर्जीवाड़ा सामने आया है. असली उम्मीदवार की जगह उसने अपने दोस्त को परीक्षा देने भेज दिया.

UPPSC परीक्षा में 10 लाख की डील, दोस्त की जगह परीक्षा देने पहुंचा रेलवे टेक्नीशियन; ऐसे पकड़ में आया
UPPSC एग्जाम में फर्जीवाड़ा करने वाला आरोपी.
NDTV
  • लखनऊ में यूपी लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी परीक्षा में एक युवक सॉल्वर बनकर पकड़ा गया था
  • आरोपी जयशंकर त्रिपाठी रेलवे में टेक्नीशियन पद पर तैनात है और अपने दोस्त की जगह परीक्षा दे रहा था
  • आरोपी ने शशांक कुमार मिश्रा की जगह परीक्षा देने के लिए दस लाख रुपये की डील की थी
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंधमारी की कोशिश का एक और मामला सामने आया है. लखनऊ में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 के दौरान एक युवक को सॉल्वर बनकर परीक्षा देते पकड़ा गया. आरोपी रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर तैनात है और उसने अपने दोस्त की जगह परीक्षा देने के लिए 10 लाख रुपये की डील की थी.

कहां का है मामला?

मामला नेशनल पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र का है. 4 अक्टूबर को पहली पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई थी. ब्लॉक-बी के परीक्षा केंद्र में एक युवक शशांक कुमार मिश्रा के नाम से परीक्षा दे रहा था. इसी दौरान आयोग की डिजिटल वेरिफिकेशन एजेंसी 'इनोवेटिव व्यू' के कंट्रोल रूम में आइरिस स्कैन को लेकर अलर्ट आया. सिस्टम में अभ्यर्थी का आइरिस डेटा मैच नहीं हुआ.

अलर्ट मिलने के बाद परीक्षा केंद्र को दोबारा बायोमेट्रिक और आधार सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए. परीक्षा खत्म होते ही अधिकारियों ने संदिग्ध युवक को रोक लिया. उससे आधार कार्ड और दूसरे पहचान पत्र मांगे गए, लेकिन उसने पहचान संबंधी दस्तावेज दिखाने से इनकार कर दिया.

यह भी पढ़ेंः प्यार से पुचकारा, बालों में कंघी, प्रसाद खिलाया... प्रयागराज में PCS का इंटरव्यू देने जा रहे बेटे के पिता का वीडियो देख हो जाएंगे भावुक

पूछताछ में सामने आ गया सच

इसके बाद स्टैटिक मजिस्ट्रेट नृपेन्द्र सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस टीम ने युवक से पूछताछ की. पूछताछ में उसकी असली पहचान सामने आ गई. आरोपी की पहचान गोरखपुर के विकासनगर विस्तार निवासी 37 वर्षीय जयशंकर त्रिपाठी के तौर पर हुई है. वह वर्तमान में कानपुर देहात में रेलवे टेक्नीशियन के पद पर तैनात है.

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में जयशंकर ने बताया कि वह अपने दोस्त शशांक कुमार मिश्रा की जगह परीक्षा देने आया था. इसके बदले दोनों के बीच 10 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था. परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए आरोपी ने शशांक के वोटर आईडी कार्ड पर अपनी तस्वीर लगाकर फर्जी पहचान पत्र भी तैयार किया था.

यह भी पढ़ेंः ई-रिक्शा की समस्या से कैसे निपटेंगे? UP PCS इंटरव्यू में पूछे जा रहे ये सवाल

आरोपी जयशंकर को भेजा गया जेल

स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तहरीर पर हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी जयशंकर त्रिपाठी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले में पुलिस अब परीक्षा में सॉल्वर बैठाने की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

ये वीडियो भी देखें- UP PCS इंटरव्यू में पूछे जा रहे ऐसे सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UPPSC, UPPSC Exam, Up Exams Cheating, Uttar Pradesh, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com