- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा मोड़, ट्रस्ट को मिली क्लीन चिट
- 70 हजार पन्नों की चार्जशीट में क्या-क्या निकला? जांच में बड़े खुलासे
- 3300 मैसेज और लाखों की बरामदगी, चंपत राय और अनिल मिश्रा बने सरकारी गवाह
अयोध्या के चर्चित राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने 90 दिन की निर्धारित समयसीमा पूरी होने से पहले करीब 70 हजार पन्नों की विस्तृत चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है. इस मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया है, जबकि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों और संबंधित बैंक को पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण क्लीन चिट दे दी गई है. जांच के दौरान कई बैंक खातों, बड़ी नकद बरामदगी और हजारों टेक्स्ट मैसेज के जरिए कथित साजिश के पहलुओं की जांच की गई.
ट्रस्ट पदाधिकारियों को नहीं बनाया गया आरोपी
पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों को आरोपी नहीं बनाया गया है. जांच एजेंसी का कहना है कि ट्रस्ट पदाधिकारियों और बैंक की भूमिका को लेकर पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले. इसी आधार पर उन्हें आरोपियों की सूची से बाहर रखा गया है. जानकारी के अनुसार चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को सरकारी गवाह बनाया गया है.
आठ आरोपियों के खिलाफ दाखिल हुआ आरोप पत्र
पुलिस चार्जशीट में जिन आठ लोगों के नाम शामिल हैं, उनमें ये शामिल हैं.
- अनुकल्प मिश्रा
- रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू
- लवकुश मिश्रा
- रमाशंकर मिश्रा
- मनीष यादव
- अविनाश गुप्ता
- कृष्णेश पांडेय
- सुभाष श्रीवास्तव
किस आरोपी पर क्या आरोप
चार्जशीट में अनुकल्प मिश्रा को कथित रूप से चढ़ावा चोरी का मास्टरमाइंड बताया गया है. पुलिस ने उसके घर से 16.82 लाख रुपये बरामद होने का उल्लेख किया है. रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू पर बिना आदेश के दानपात्रों की चाबियां रखने और श्रद्धालुओं के दर्शन पास के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाया गया है. लवकुश मिश्रा के घर से करीब 14.25 लाख रुपये नकद बरामद होने का दावा किया गया है. रमाशंकर मिश्रा के यहां से 7.32 लाख रुपये नकद, एक डिब्बा और दो चांदी के सिक्के बरामद होने का उल्लेख किया गया है. अविनाश गुप्ता के घर से 20.39 लाख रुपये नकद और 1121 अमेरिकी डॉलर बरामद होने की बात चार्जशीट में कही गई है.
3300 टेक्स्ट मैसेज का भी जिक्र
पुलिस की जांच में पांच से अधिक बैंक खातों की जांच का उल्लेख किया गया है. चार्जशीट के अनुसार करीब 3300 टेक्स्ट मैसेज के जरिए कथित तौर पर चढ़ावा चोरी की साजिश रचे जाने का भी उल्लेख किया गया है. जांच एजेंसियों ने डिजिटल और वित्तीय साक्ष्यों को भी रिकॉर्ड का हिस्सा बनाया है.
गंभीर धाराओं में मुकदमा
चार्जशीट के मुताबिक आरोपियों पर आपराधिक न्यासभंग, चोरी, अवैध संपत्ति रखने, आपराधिक साजिश और सामूहिक जिम्मेदारी से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं. रिपोर्ट में धारा 316(5), 317(4), 317(5), 61 और 3(5) समेत अन्य संबंधित धाराओं का उल्लेख किया गया है.
अब अदालत में चलेगी सुनवाई
चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब मामले की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. अदालत आरोप पत्र का परीक्षण करने के बाद आरोप तय करने और सुनवाई की अगली प्रक्रिया पर निर्णय लेगी. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला पहले से ही काफी चर्चा में रहा है और अब चार्जशीट दाखिल होने के बाद इसकी कानूनी कार्यवाही आगे बढ़ रही है.
यह भी पढ़ें : राम मंदिर में 105 बार चंदा चोरी, CCTV फुटेज में दिखी; सुप्रीम कोर्ट में रखे गए सारे सबूत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं