उत्तर प्रदेश में अब सियासी सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान पिछली समाजवादी पार्टी की सरकार पर जमकर आरोप लगाए. सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं था और अपनी बेटी की सुरक्षा के लिए चिंता में रहता था.
गोरखपुर में कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले की स्थिति बहुत खराब थी. हर जिले में बेटियों की पढ़ाई संकट में थी. स्कूल-कॉलेज न के बराबर थे. सपा सरकार के गुंडों ने पूरा माहौल खराब कर रखा था.
सीएम योगी ने क्या कहा?
सीएम योगी ने कहा कि '2017 के पहले की क्या स्थिति थी? कहावत ही चल पड़ी थी कि देख सपाई, बिटिया घबराई. तत्कालीन सरकार के गुंडे और अपराधी इतना भय और माहौल खराब किए हुए थे, कोई भी व्यक्ति, शरीफ व्यक्ति, सज्जन व्यक्ति असुरक्षित था, अपनी बेटी की सुरक्षा के लिए चिंतित रहता था.'
उन्होंने कहा कि 'प्रदेश के बहुत सारे जनपद ऐसे थे जहां पर बेटियों की पढ़ाई संकट में थी. पहले तो संसाधन नहीं थे, स्कूल नहीं थे, कॉलेजेस ना के बराबर थे और जो थे भी तो सुरक्षित नहीं थे. सपा के शोहदे उन्हें परेशान करते थे, जबरदस्ती उठाकर लेके चले जाते थे.'
भारत टैक्सी, कृषि ऋण योजना शुरू की
वहीं, लखनऊ में योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी सेवा और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की जिसके तहत छोटे और सीमांत किसानों को 6 प्रतिशत की ब्याज दर पर लोन मिलेगा.
उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी में शामिल ड्राइवरों को कमीशन नहीं देना पड़ेगा और उन्हें पांच लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा का कवरेज मिलेगा. उन्होंने कहा कि पहली बार, भारत टैक्सी के जरिए जब एक व्यक्ति अपने वाहन पर भारत टैक्सी ब्रांड लगाता है, तो वह गर्व महसूस करेगा कि यह टैक्सी केवल यात्रियों को ले जाने के लिए नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की टैक्सी है.
वहीं, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्रामीण विकास बैंक के जरिए महज छह प्रतिशत ब्याज दर पर लोन दिया जाएग. इस योजना का उद्देश्य आने वाले सालों में पांच लाख छोटे और सीमांत किसानों को लोन उपलब्ध कराना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं