विज्ञापन
This Article is From Apr 05, 2025

टूटते घर से स्कूल बैग बचाकर भागने वाली बच्ची को अखिलेश ने दिए 1 लाख, उठाएंगे पढ़ाई का खर्च

टूटते घर से स्कूल बैग को सीने से लगाए बच्ची को भागने का वीडियो यूपी के अंबेडकरनगर से सामने आया था. जहां बच्ची अपनी झुग्गी के पास तोड़फोड़ के दौरान किताबों को समेटते हुए नजर आई थी.

टूटते घर से स्कूल बैग बचाकर भागने वाली बच्ची को अखिलेश ने दिए 1 लाख, उठाएंगे पढ़ाई का खर्च
टूटते घर से स्कूल बैग बचाकर भागने वाली बच्ची को सम्मानित करते अखिलेश यादव.

टूटते घर से स्कूल बैग बचाकर भागने वाली एक बच्ची का वीडियो बीते दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. शनिवार को समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उस बच्ची से मुलाकात कर उसे सम्मानित किया. अखिलेश यादव ने अनन्या नामक इस बच्ची को एक लाख रुपए दिए साथ ही उनकी पढ़ाई का खर्च उठाने का वादा भी किया. इसके बाद अखिलेश यादव ने प्रेस कॉफ्रेंस करते हुए भाजपा पर तीखा हमला भी किया. 

अखिलेश यादव ने कहा भाजपा का 80-20 का नारा भी नहीं चलने वाला है. मालूम हो टूटते घर से स्कूल बैग को सीने से लगाए बच्ची को भागने का वीडियो यूपी के अंबेडकरनगर से सामने आया था. जहां बच्ची अपनी झुग्गी के पास तोड़फोड़ के दौरान किताबों को समेटते हुए नजर आई थी.

अंबेडकरनगर में अतिक्रमण हटाने के दौरान स्कूल बैग के साथ भागी थी बच्ची

बताते चले कि यूपी के अंबेडकरनगर में अतिक्रमण की कार्रवाई के मौके पर आठ साल की बच्ची अनन्या यादव अपने घर से स्कूल बैग लेकर भागी थी. उस दौरान उसका घर ध्वस्त किया जा रहा था. स्कूल बैग लेकर भागने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

यह 80-20 का नहीं, 90-10 मामलाः अखिलेश

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भ्रष्टाचार का ऐसा नजारा किसी सरकार में नहीं देखा होगा कि एक IAS अधिकारी और उसके दलाल को पकड़ लिया गया. सुनने में आ रहा है कि वह एक नहीं, कई लोगों का मैनेजमेंट करता था. यह भ्रष्टाचार का मामला नहीं था. बंटवारे के झगड़े में पोल खुल गई. भाजपा का 80-20 का नारा भी नहीं चलने वाला है. यह 80-20 का नहीं, 90-10 मामला है.

भाजपा चाहती है कि बुनियादी सवाल नहीं होः अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा, "आधी आबादी इनसे बहुत ज्यादा पीड़ित है. आधी आबादी और पीडीए को जोड़ दें तो हिसाब-किताब 90-10 का बनता है. भाजपा चाहती है कि बुनियादी सवाल नहीं हो. आज गेहूं की खरीदी चल रही है. क्या सरकारी खरीद हो रही है? सरकार ने हाथ खड़े कर दिए हैं. सरकार ने गेहूं खरीदने के लिए लाइसेंस दिए हैं. युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है. सरकार ने बाजार के हाथों सब सौंप दिया है."

'सब कुछ खोने के बाद सांप्रदायिकता की राजनीति कर रही सरकार'

उन्होंने कहा कि महाकुंभ आने-जाने में जिन श्रद्धालुओं की जान चली गई, उनकी गिनती नहीं बता पाए हैं. जो लोग खो गए हैं, उनके बारे में नहीं बताया जा रहा है. सुनने में आ रहा है कि परिवारों को संतुष्ट करने के लिए काले धन का इस्तेमाल किया जा रहा है. यह सरकार सब कुछ खोने के बाद साम्प्रदायिकता की राजनीति कर रही है.

सपा सांसद के घर तोड़फोड़ पर क्या बोले अखिलेश यादव

सांसद लालजी सुमन के घर में तोड़फोड़ को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि यह बहुत सेंसिटिव मामला है. जब संसद के रिकॉर्ड से वह बात हटा दी गई है. मैं कई बार कह चुका हूं कि इतिहास के पन्ने नहीं पलटने चाहिए. इतिहास में अच्छाई और बुराई दोनों हैं. सोशल मीडिया पर बदनाम करने के लिए भाजपा के कई वरिष्ठ नेता करोड़ों रुपए खर्च कर रहे हैं. सपा और कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है.

8-14 अप्रैल तक विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी सपा

अखिलेश ने कहा कि ये लोग पीडीए से घबराए हैं. वक्फ बोर्ड का मामला देखा ही होगा. उन्होंने भाजपा के लोगों को सबसे बड़ा भूमाफिया बताते हुए कहा कि गोरखपुर, अयोध्या में इन मामलों में बहुत कुछ पता चल जाएगा. उन्होंने बताया कि 'अंबेडकर जयंती' के अवसर पर आठ अप्रैल से 14 अप्रैल तक 'समाजवादी बाबासाहेब अम्बेडकर वाहिनी' एवं 'समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ' के संयुक्त तत्वावधान में सपा के सभी कार्यालयों, सभी जन प्रतिनिधियों के स्थानीय व आवासीय कार्यालयों में 'स्वाभिमान-स्वमान समारोह' आयोजित किया जाएगा.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Yadav, Akhilesh Yadav News, Akhilesh Yadav Attack BJP, Ambedkar Nagar, Ambedkar Nagar Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com