विज्ञापन

दुकानदार MRP से ज्यादा पैसे मांगे तो सबसे पहले क्या करें? जानिए शिकायत करने का सही तरीका और कहां मिलेगी मदद

अगर आपके समझाने के बाद भी दुकानदार MRP से ज्यादा पैसों की मांग करता है, तो आप उसकी शिकायत कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-

दुकानदार MRP से ज्यादा पैसे मांगे तो सबसे पहले क्या करें? जानिए शिकायत करने का सही तरीका और कहां मिलेगी मदद
पानी की बोतल पर MRP 20 रुपये, लेकिन दुकानदार मांगे 40 रुपये...ऐसे में आप क्या करेंगे?
(P.C- NDTV)

जरा सोचिए, आप गर्मी में किसी दुकान पर ठंडे पानी की बोतल लेने जाते हैं. बोतल उठाते हैं और भुगतान करने लगते हैं. तभी दुकानदार आपसे 40 रुपये मांग लेता है. आप बोतल पर नजर डालते हैं और देखते हैं कि उस पर MRP सिर्फ 20 रुपये लिखी है. जब आप दुकानदार से पूछते हैं कि 20 रुपये ज्यादा क्यों लिए जा रहे हैं, तो वह कहता है कि '20 रुपये पानी ठंडा करने के हैं.' यानी अगर पानी फ्रिज में रखा गया है, तो उसके अलग से पैसे देने होंगे.

ऐसी स्थिति का सामना कई लोगों ने किया होगा. कुछ लोग दुकानदार से बहस करने लगते हैं, जबकि कई लोग बिना कुछ कहे ज्यादा पैसे देकर वहां से चले जाते हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि पैक्ड सामान पर लिखी MRP से ज्यादा पैसे लेना नियमों के खिलाफ है. अगर दुकानदार ऐसा करता है, तो आप उसकी शिकायत कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे- 

सबसे पहले क्या करें?

अगर कोई दुकानदार किसी पैक्ड सामान के लिए MRP से ज्यादा पैसे मांगता है, तो सबसे पहले उससे शांति से बात करें. उसे पैकेट पर लिखी MRP दिखाएं और सही कीमत लेने के लिए कहें. कई बार गलती की वजह से भी ऐसा हो सकता है और मामला वहीं सुलझ जाता है. लेकिन अगर दुकानदार आपकी बात मानने से इनकार कर दे और ज्यादा पैसे लेने पर अड़ा रहे, तो आपको अगला कदम उठाना चाहिए.

कहां करें शिकायत?

उपभोक्ता मामलों के विभाग (Department of Consumer Affairs) के मुताबिक, ऐसी स्थिति में आप National Consumer Helpline (NCH) 1915 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

यह हेल्पलाइन देशभर के ग्राहकों की मदद के लिए बनाई गई है. यहां 1000 से ज्यादा पार्टनर्स के साथ मिलकर लोगों की शिकायतों का समाधान किया जाता है. अच्छी बात यह है कि यह सुविधा 17 भाषाओंमें उपलब्ध है, ताकि लोग अपनी भाषा में आसानी से शिकायत कर सकें.

शिकायत करते समय इन बातों का रखें ध्यान
  • सामान का बिल या रसीद अपने पास जरूर रखें.
  • पैक्ड सामान पर लिखी MRP की फोटो खींच लें.
  • दुकान का नाम और पता नोट कर लें.
  • शिकायत करते समय पूरी जानकारी सही-सही दें.

ये छोटी-छोटी चीजें आपकी शिकायत को मजबूत बनाएंगी और जल्दी समाधान मिलने में आपकी मदद करेंगी.

शिकायत करना क्यों जरूरी है?

इस तरह की स्थिति में अक्सर कई लोग सोचते हैं कि 10-20 रुपये के लिए शिकायत करने का क्या फायदा. लेकिन अगर हर ग्राहक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहेगा, तो दुकानदारों द्वारा गलत तरीके से ज्यादा पैसे वसूलने की घटनाएं कम होंगी. ध्यान रखें, आपकी एक शिकायत सिर्फ आपका पैसा ही नहीं बचाती, बल्कि दूसरे ग्राहकों को भी ऐसी परेशानी से बचा सकती है.

खरीदारी करते समय MRP से ज्यादा पैसे देना आपकी मजबूरी नहीं है. अगर दुकानदार आपकी बात नहीं सुनता, तो चुप न रहें. अपने अधिकारों का इस्तेमाल करें और National Consumer Helpline 1915 पर शिकायत दर्ज कराएं.

यह भी पढ़ें- क्या है AI Voice Change Scam? हरियाणा पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट, आपके पास भी फोन आए तो रहें सावधान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Consumer Affairs, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com