विज्ञापन

क्या है AI Voice Change Scam? हरियाणा पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट, आपके पास भी फोन आए तो रहें सावधान

इन दिनों ठगी का एक नया तरीका सामने आया है, जिसे AI Voice Change Scam कहा जा रहा है. इसी को लेकर हरियाणा पुलिस ने लोगों को सावधान किया है. आइए जानते हैं कैसे आप खुद को सुरक्षित रख सकते हैं.

क्या है AI Voice Change Scam? हरियाणा पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट, आपके पास भी फोन आए तो रहें सावधान
क्या है AI Voice Change Scam?
(P.C- NDTV)

तकनीक जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है, साइबर ठग भी उतने ही नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं. अब ठगी का एक नया तरीका सामने आया है, जिसे AI Voice Change Scam कहा जा रहा है. इसे लेकर हरियाणा पुलिस ने लोगों को अलर्ट किया है और सावधानी बरतने की सलाह दी है. हरियाणा पुलिस ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया है कि साइबर अपराधी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से किसी भी व्यक्ति की आवाज की हूबहू नकल कर सकते हैं. ऐसा कर वे खुद को आपका रिश्तेदार, दोस्त या कोई परिचित बताकर पैसे या निजी जानकारी मांग सकते हैं.

क्या है AI Voice Change Scam?

इस स्कैम में ठग AI का इस्तेमाल करके किसी व्यक्ति की आवाज को कॉपी कर लेते हैं. अगर किसी की आवाज का छोटा सा ऑडियो क्लिप भी उनके हाथ लग जाए, तो वे ठीक वही आवाज तैयार कर सकते हैं. इसके बाद लोगों को फोन कर किसी परेशानी में होने या तुरंत पैसों की जरूरत होने की बात कहते हैं. अब, क्योंकि आवाज बिल्कुल आपके करीबी की लगती है, तो लोग बिना सोचे-समझे उनकी बातों पर भरोसा कर लेते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं.

खुद को कैसे सुरक्षित रखें?

इस नए स्कैम से बचने के लिए हरियाणा पुलिस ने लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है. जैसे- 

  • सबसे पहले किसी भी संदिग्ध कॉल पर तुरंत भरोसा न करें.
  • अगर कोई परिचित बनकर पैसे मांगे, तो पहले उसी व्यक्ति को उसके पुराने नंबर पर खुद कॉल करके कंफर्म कर लें.
  • जल्दबाजी में कोई फैसला न लें.
  • अनजान कॉल या मैसेज पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें.
  • बैंक अकाउंट, एटीएम, ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य बैंकिंग जानकारी किसी के साथ शेयर न करें.
  • इन सब से अलग सोशल मीडिया पर अपनी आवाज वाले ऑडियो और वीडियो शेयर करते समय भी सतर्क रहें.
ठगी का शिकार हो जाएं तो क्या करें?

अगर आपको लगता है कि आप साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गए हैं, तो बिना देर किए तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें. इसके अलावा आप राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव

ध्यान रखें AI तकनीक हमारी लाइफ को आसान बना रही है, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल भी बढ़ रहा है. ऐसे में जरूरी है कि किसी भी फोन कॉल पर केवल आवाज सुनकर भरोसा न किया जाए. थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है. इसलिए सतर्क रहें, जागरूक रहें और अपने परिवार और दोस्तों को भी इस नए AI Voice Change Scam के बारे में जरूर जानकारी दें.

यह भी पढ़ें- Instagram का नया फीचर, अब प्रोफाइल में रिअरेंज कर सकेंगे अपने फोटो-वीडियो, जानें आसान तरीका

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AI, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com