- 90 दिन तक ई-चालान नहीं भरा तो बढ़ेंगी मुश्किलें.
- ई-चालान को लंबे समय तक नहीं भरने पर सख्त प्रक्रिया.
- जुर्माने के साथ RC और DL को ब्लैकलिस्ट हो सकते हैं.
यातायात नियमों के उल्लंघन पर जारी होने वाले ई-चालान को नजरअंदाज करना वाहन मालिकों के लिए बड़ी कानूनी और प्रशासनिक परेशानी का कारण बन सकता है. नियमों के अनुसार, किसी भी ई-चालान का भुगतान करने के लिए 90 दिन की समय-सीमा मिलती है, और तय अवधि में जुर्माना न भरने पर मामला आगे की कानूनी प्रक्रिया में चला जाता है. पेंडिंग ई-चालान को लंबे समय तक नहीं भरने पर आपके लिए बड़ी कानूनी और आर्थिक मुसीबत ला सकता है.
90 दिन बाद क्या होता है
अगर वाहन मालिक 90 दिन के भीतर ऑनलाइन माध्यम से या संबंधित ट्रैफिक कार्यालय जाकर जुर्माना नहीं भरते हैं, तो कई सख्त कदम उठाए जा सकते हैं. समय-सीमा बीतने के बाद चालान स्वतः वर्चुअल कोर्ट या स्थानीय मजिस्ट्रेट कोर्ट में भेज दिया जाता है. मामला कोर्ट पहुंचने पर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पते पर समन या नोटिस जारी हो सकता है. इसके बाद वाहन मालिक को या तो स्वयं कोर्ट में उपस्थित होकर जुर्माना भरना पड़ता है या वकील की सहायता लेनी पड़ती है, जिससे समय और पैसा दोनों की हानि होती है.
DL और RC ब्लैकलिस्ट हो सकते हैं
लंबे समय तक जुर्माना लंबित रहने या पेंडिंग चालानों की संख्या अधिक होने पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) द्वारा वाहन की आरसी (RC) और ड्राइविंग लाइसेंस (DL) को ब्लैकलिस्ट या सस्पेंड किया जा सकता है. एक बार दस्तावेज ब्लैकलिस्ट होने पर वाहन से जुड़े कई काम रुक जाते हैं. ऐसे में भविष्य में आप कार या बाइक बेचने या नाम ट्रांसफर कराना चाहें तो उस समय बकाया ई-चालान बड़ी बाधा बनते हैं.
इसके अलावा अगर किसी वाहन पर कई चालान लंबे समय से पेंडिंग हैं और चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस रिकॉर्ड में पुराना बकाया दिखता है, तो मौके पर वाहन सीज भी किया जा सकता है.
वाहन मालिकों के लिए जरूरी सावधानी
ई-चालान से जुड़ी संभावित कानूनी परेशानी और अतिरिक्त खर्च से बचने के लिए वाहन चालकों को समय-समय पर अपने वाहन का चालान स्टेटस जांचते रहना चाहिए और जारी चालान का भुगतान तय समय के भीतर कर देना चाहिए. साथ ही, आरसी और लाइसेंस में मोबाइल नंबर व पता अपडेट रखना भी जरूरी है ताकि नोटिस या चालान की सूचना समय पर मिल सके.
यह भी पढ़ें | सड़क पर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी नहीं कर सकते ये काम, जान लीजिए अपने कानूनी अधिकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं