World's First AI Umbrella : सोचिए कि आप सड़क पर चल रहे हों और आपके ऊपर एक छाता अपने-आप उड़ता हुआ आपकी हर चाल के साथ चलता रहे. न उसे पकड़ने की जरूरत पड़े और न ही उसे संभालने की. सुनने में तो यह किसी साइंस फिक्शन फिल्म का सीन लग सकता है, लेकिन अब यह हकीकत बन चुका है. दुनिया के पहले पूरी तरह ऑटोनॉमस AI छाते (AI Umbrella) ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस अनोखे आविष्कार को देखकर हैरान हैं.
किसने बनाया ये AI छाता
इस खास उड़ने वाले छाते को कनाडा के इंजीनियर जॉन त्से (John Tse) ने तैयार किया है. वह अपने इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स को अपने यूट्यूब चैनल 'I Build Stuff' पर शेयर करते रहते हैं. उन्होंने शुरुआत में इसका मैनुअल कंट्रोल वाला मॉडल बनाया था, लेकिन बाद में इसे अपग्रेड कर पूरी तरह सेल्फ-ट्रैकिंग सिस्टम से लैस कर दिया. अब यह छाता बिना किसी रिमोट या हाथ से कंट्रोल किए अपने यूजर के ऊपर उड़ते हुए चलता है.
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के साथ एक भ्रामक दावा भी किया जा रहा है. कई पोस्ट में लिखा गया कि इस AI छाते का आविष्कार किसी महिला ने किया है. हालांकि, वायरल कंटेंट को ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए अक्सर पुराने वीडियो को नए और भ्रामक कैप्शन के साथ शेयर करना कोई नई बात नहीं है.
कैसे करता है काम?
यह AI छाता ड्रोन टेक्नोलॉजी टाइम ऑफ फ्लाइट (ToF) डेप्थ कैमरा और एक छोटे ऑनबोर्ड कंप्यूटर की मदद से काम करता है. कैमरा यूजर के सिर की स्थिति को लगातार ट्रैक करता है और ड्रोन उसी के अनुसार अपनी दिशा बदलता रहता है. चाहे व्यक्ति आगे बढ़े, दाएं-बाएं मुड़े या अपनी स्पीड बदले, यह उड़ता हुआ छाता उसके सिर के ऊपर बना रहता है. इसका मकसद बिना छाते को पकडे बारिश और तेज धूप से बचाना है.
पर्सनल टेक्नोलॉजी की दिशा में बड़ा कदम
यह आविष्कार अपने आप में बेहद खास माना जा रहा है. यह दिखाता है कि ड्रोन टेक्नोलॉजी और कंप्यूटर विजन का इस्तेमाल केवल इंडस्ट्रियल या मिलिट्री तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने में भी किया जा सकता है. अगर भविष्य में इस तरह की टेक्नोलॉजी आसानी से उपलब्ध होती है, तो लोगों को बारिश या धूप में हाथ में छाता लेकर चलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
यह भी पढ़ें: Video Viral: एक हादसे ने पैर छीन लिया, लेकिन हौसला नहीं... अब एक पैर से अमरनाथ यात्रा कर रही नेहा
यह भी पढ़ें: पति की मौत के बाद नहीं हारी हिम्मत, अब वही ऑटो चलाकर बच्चों का भविष्य संवार रही महिला, वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं