लखनऊ के अमीनाबाद में एक ऐसा बाजार है, जहां महिलाओं की खरीदारी सिर्फ कपड़ों और ज्वेलरी तक सीमित नहीं रहती. यहां कांच, लाख, क्रिस्टल और अलग-अलग धातुओं की चूड़ियों से लेकर दुल्हनों के खास चूड़े, डिजाइनर कड़े और कलीरे तक मिलते हैं. इस बाजार का नाम है गड़बड़झाला. नाम सुनकर आप चौंक सकते हैं. इसके पीछे भी एक कहानी है, जिसके बारे में इतिहासकार नवाब मसूद अब्दुल्लाह बताते हैं. वो कहानी आप नीचे पढ़ेंगे. पहले बाजार के बारे में बात करते हैं.
पिछले दिनों लखनऊ जाना हुआ तो बड़ा इमामबाड़ा में मिले एक स्थानीय गाइड ने गड़बड़झाला बाजार के बारे में बताया. लखनऊ वैसे तो पहले भी कई बार जाना हुआ, लेकिन गड़बड़झाला मार्केट के बारे में जानकारी नहीं थी. गाइड के मुताबिक, गड़बड़झाला मार्केट में केवल चूड़ियों की ही 30 से ज्यादा दुकानें होंगी.
चारबाग रेलवे स्टेशन से ऑटो या कैब के जरिए यहां पहुंचा जा सकता है. इन दिनों शादी का सीजन शुरू हो गया है और महिलाओं की खूब भीड़ यहां जुट रही है. करवा चौथ और अन्य पर्व-त्यौहारों पर भी खरीदारी के लिए यहां ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है.
चूड़ियों की जबरदस्त रेंज, रंग और डिजाइन की कमी नहीं
गड़बड़झाला की खासियत यहां मिलने वाली चूड़ियों की बड़ी रेंज है. ग्राहक को कांच, क्रिस्टल, लाख और अलग-अलग धातुओं की चूड़ियां मिल जाती हैं. यहां की बड़ी दुकानों में ग्राहक के कपड़ों के रंग के हिसाब से चूड़ियों के अलग-अलग डिजाइन और रंग मिलाकर सेट तैयार किया जाता है. ग्राहक अपने बजट के मुताबिक उसमें चूड़ियां जुड़वा या हटवा सकते हैं.
यहां रोजमर्रा में पहनने वाली चूड़ियों के अलावा शादी के लिए खास चूड़े, कड़े और डिजाइनर कलीरे भी मिलते हैं. राजस्थानी चूड़े का चलन भी बढ़ा है. इनमें मूर्तियों और रंगीन पत्थरों की सजावट की जाती है. दूल्हा-दुल्हन या पति-पत्नी के नाम वाले कस्टमाइज्ड कड़े भी तैयार किए जाते हैं.
कीमतें 30 रुपये से शुरू, डिजाइन के हिसाब से खर्च
इस बाजार में खरीदारी का बजट ग्राहक की पसंद और डिजाइन पर निर्भर करता है. यहां एक दर्जन चूड़ियों की कीमत 30 से 400 रुपये तक बताई गई थी. कस्टमाइज्ड कड़ों की एक जोड़ी का भाव 850 रुपये और डिजाइनर कलीरों के एक जोड़े की कीमत 1,600 रुपये बताई गई थी. हालांकि अलग-अलग दुकानों में कीमतों में अंतर दिखना आम बात है.

राजस्थान और फिरोजाबाद से आती हैं चूड़ियां
गड़बड़झाला बाजार में बिकने वाली चूड़ियों की सप्लाई राजस्थान और फिरोजाबाद से होती है. फिरोजाबाद खास तौर पर कांच की चूड़ियों के लिए जाना जाता है. HT की एक रिपोर्ट में अमीनाबाद के एक दुकानदार के हवाले से बताया गया था कि शादी सीजन में फिरोजाबाद की कांच की चूड़ियों की मांग बढ़ जाती है.
सोना महंगा, लेकिन सोने के पानी चढ़े कंगन की खूब डिमांड
इस बाजार में एक खास तरह का कंगन खूब डिमांड में रहता है. इसे स्थानीय लोग 'सोने का पानी चढ़ा कंगन' भी कहते हैं. सोने की बढ़ती कीमतों के बीच एक ग्राम सोने की परत वाली टेंपल ज्वेलरी की मांग भी खूब रहती है. इसमें गोल्ड प्लेटेड चूड़ियों की खास मांग है, जिनकी कीमत 180 रुपये से 2,000 रुपये तक बताई जाती है.
इन दिनों ग्राहक लहंगे और साड़ी के रंग के हिसाब से गहने भी तैयार करवा रहे हैं. यहां 8 से 16 गहनों वाले ब्राइडल सेट 1,500 से 5,000 रुपये तक में किराये पर भी उपलब्ध हैं. किराये पर गहने देने वाली यहां दसेक दुकानें जरूर होंगी.
अब जान लीजिए आखिर क्यों पड़ा गड़बड़झाला नाम?
यूपी के जाने-माने इतिहासकार और रंगमंच कलाकार नवाब मसूद अब्दुल्लाह के मुताबिक, जहां अभी ये बाजार है, वहां पहले एक पार्क हुआ करता था. दुकानदार वहां जमीन पर चादर बिछाकर सामान बेचते थे, जैसा कि पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक मार्केट में एक समय हुआ करता था. खैर, लखनऊ के उस पार्क में चादर बिछाकर जो दुकानें लगाई जाती थीं, उनमें सामान की क्वालिटी ठीक भी होती थ और बहुत खराब भी.
जैसे कि किसी सामान की क्वालिटी को लेकर दुकानदार बड़े-बड़े दावे करता और घर आकर पता चलता कि सामान तो बहुत घटिया निकला. इन्हीं वजहों से धीरे-धीरे इस जगह का नाम गड़बड़झाला पड़ गया.
नवाब मसूद के मुताबिक, अमीनाबाद के बाजार का विस्तार नवाबों के दौर से जुड़ा है. 1947 के विभाजन के बाद पाकिस्तान से आए लोगों के बसने के साथ यहां कई नए बाजार विकसित हुए. इसी दौरान गड़बड़झाला जैसे बाजारों का भी विस्तार हुआ.
आज ये बाजार चूड़ियों और महिलाओं की सजावटी चीजों की खरीदारी के लिए लखनऊ की खास पहचान बन चुका है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली का खान मार्केट क्यों है खास? जानिए ब्रांडेड कपड़ों से किताबों और कैफे तक, यहां क्या-क्या मिलता है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं