- दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 33 लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं.
- सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया है कि बीएलओ को नोटिस भेजने के बजाय नागरिकों की सहायता में लगाएं.
- मतदाता अपना नाम और नोटिस स्थिति चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर EPIC नंबर से लॉगिन कर जांच सकते हैं.
Delhi Voter List SIR Notice Status 2026: दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) पर अहम सुनवाई हुई. इस दौरान प्रधान न्यायाधीश सूर्या कांत, न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने चुनाव आयोग की बिना सोचे-समझे से लोगों को नोटिस जारी करने पर गंभीर आपत्ति जताई.
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के वकील प्रशांत भूषण ने अदालत को बताया कि मामूली विसंगतियों के नाम पर 33 लाख से अधिक मतदाताओं को नोटिस थमा दिए गए हैं, जिससे आम लोगों में हड़कंप और भारी असुविधा की स्थिति बन गई है, जिस पर अदालत ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया कि तैनात 15,000 बीएलओ को सिर्फ नोटिस भेजने में नहीं, बल्कि प्रवासियों और आम नागरिकों की मदद करने में लगाया जाए.
क्या आपको भी तो नहीं मिला है नोटिस, ऐसे करें चेक
दिल्ली में चल रहे इस अभियान के तहत अगर आपको फिजिकल नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है, तब भी यह जांचना जरूरी है कि कहीं आपका नाम अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लिकेट या नोटिस वाली सूची में शामिल तो नहीं है. किसी परेशानी से पहले अपना स्टेटस चेक कर लें.
राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल
- सबसे पहले चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाएं.
- अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और ओटीपी की मदद से लॉग इन करें.
- होमपेज पर मौजूद Fill Enumeration Form या SIR Form Status के विकल्प पर क्लिक करें.
- अपना EPIC नंबर यानी वोटर आईडी कार्ड नंबर दर्ज करें.
- अगर आपके नाम पर कोई नोटिस जारी हुआ है या बीएलओ की ओर से फॉर्म अपलोड किया गया है, तो उसकी पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट
- दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी या अपने संबंधित जिला पोर्टल जैसे DM Central या North Delhi Portal पर जाएं.
- SIR Notification या List of Persons Issued Notices सेक्शन में जाएं.
- आयोग द्वारा अपलोड की गई पीडीएफ PDF लिस्ट डाउनलोड करें और सर्च ऑप्शन में जाकर अपना नाम या वोटर आईडी नंबर खोजें.
नजदीकी पोलिंग स्टेशन या बीएलओ से संपर्क
दिल्ली के विभिन्न पोलिंग बूथों पर सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. सीधे अपने नजदीकी बूथ पर जाकर वहां मौजूद बूथ लेवल ऑफिसर की लिस्ट में अपना नाम जांच सकते हैं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली की बसों में एक अक्टूबर से महिलाएं बिना पिंक कार्ड नहीं कर सकेंगी फ्री सफर, घर बैठे ऑनलाइन ऐसे करें अप्लाई
नोटिस में दिए गए कारण जैसे नाम की स्पेलिंग, उम्र या पते में भिन्नता को ध्यान से देखें. सुधार या पुष्टि के लिए तय 12 मान्य पहचान दस्तावेजों जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट, जन्म प्रमाण पत्र, अथवा अन्य सरकारी पहचान पत्र में से उपयुक्त दस्तावेज की प्रति तैयार रखें. अपने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष या बीएलओ को समय रहते अपने दस्तावेज सौंपें, ताकि मतदाता सूची में आपका नाम सुरक्षित रहे.
यह भी पढ़ें- Delhi SIR में सीएम रेखा गुप्ता और केजरीवाल समेत 31.63 लाख मतदाताओं को नोटिस; जानें कैसे दें जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं