राजधानी दिल्ली में यातायात को प्रभावी रूप से ठीक करने को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं. इसके तहत दिल्ली यातायात पुलिस, पूर्वी रेंज ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के साथ मिलकर स्वामी दयानंद मार्ग (रोड नं. 57) को चरणबद्ध तरीके से सिग्नल-फ्री बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण यातायात इंजीनियरिंग पहल की है. बिहारी कॉलोनी, ईस्ट आज़ाद नगर और सूर्या अस्पताल पर निर्धारित यू-टर्न सुविधाएं शुरू की गई हैं तथा अनावश्यक कटों को जर्सी बैरियर लगाकर बंद किया गया है. इससे इस महत्वपूर्ण पूर्वी दिल्ली कॉरिडोर पर यातायात का टकराव, वाहनों की लंबी कतारें और जाम काफी कम हुआ है.
20 मिनट का सफर 5 मिनट में
पहले, बिहारी कॉलोनी से ईस्ट आज़ाद नगर तक लगभग 900 मीटर की दूरी तय करने में 15–20 मिनट तक लग जाते थे. सिग्नल-फ्री व्यवस्था लागू होने के बाद अब सामान्य यातायात की स्थिति में यही दूरी अब 5 मिनट से भी कम समय में पूरा किया जा रहा है. यह सुधार मार्ग के कुछ हिस्सों में चल रहे नागरिक एजेंसियों के कार्यों के बावजूद हुआ है. इस व्यवस्था से वाहनों की कतारें छोटी हुई हैं, बार-बार लगने वाले जाम में कमी आई है, यातायात का फैलाव बेहतर हुआ है और रोड नं. 57 पर वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारु हुई है.
परियोजना के तहत कई व्यावहारिक सुधार
- निर्धारित स्थानों पर यू-टर्न सुविधाओं का निर्माण.
- अनावश्यक कटों को जर्सी बैरियर से बंद करना.
- सड़क के दोनों ओर ऊंचाई के अंतर को दूर करने के लिए रैंप/टेबल-टॉप बनाना.
- यू-टर्न एवं दिशा-सूचक संकेतक लगाना.
- संवेदनशील स्थानों पर फुटपाथ ऊंचे कर बोलार्ड लगाना.
- यू-टर्न एवं सड़क के आसपास से अतिक्रमण हटाना.
यह पहल वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में दिल्ली यातायात पुलिस, पूर्वी रेंज और PWD के आपसी समन्वय से लागू की गई. जमीनी स्तर पर इसे गांधी नगर यातायात सर्किल और संबंधित PWD फील्ड टीम द्वारा कार्यान्वित किया गया.
चल रहे PWD/DJB कार्यों के पूरा होने के बाद कृष्णा नगर और जगत पुरी रेड लाइट पर भी यू-टर्न एवं अन्य यातायात इंजीनियरिंग सुधार प्रस्तावित हैं. यह पहल सुरक्षित सड़कें, कम यात्रा समय और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए व्यावहारिक यातायात इंजीनियरिंग समाधान अपनाने की दिल्ली यातायात पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
यह भी पढ़ेंः दिल्ली में राशन दुकानों और वैन के जरिए घूम-घूम बेचा जाएगा 35 रुपये प्याज, 1000 मीट्रिक उपलब्ध कराएगी सरकार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं