फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को सबसे सुरक्षित निवेश विकल्पों में से एक माना जाता है. इसी वजह से निवेश के लिए आज भी बड़ी संख्या में लोग एफडी करना पसंद करते हैं. हालांकि, ब्याज दरों में लगातार हो रही कटौती कई निवेशकों को ये सोचने पर मजबूर कर देती है कि एफडी में निवेश करना कितना फायदेमंद रहेगा.
इसी बीच भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बड़ी रकम की एफडी कराने वाले ग्राहकों के लिए एक अहम फैसला लिया है. ऐसे में यदि आप भी एफडी में निवेश करने का प्लान कर रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए हो सकती है. बताया जा रहा है कि SBI ने 3 करोड़ रुपये या उससे अधिक की बल्क एफडी पर ब्याज दरों में कटौती कर दी है. वहीं, 1 अक्टूबर 2026 से आरबीआई के नए एफडी नियम भी लागू होने जा रहे हैं, जिनका असर खास तौर पर बड़े निवेशकों और नई एफडी पर देखने को मिल सकता है.
किन एफडी पर SBI ने घटाया ब्याज
SBI ने 15 अगस्त 2026 से लागू नई दरों के तहत 3 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा की एफडी पर ब्याज कम किया है. 7 से 179 दिन की ड्यूरेशन वाली बल्क एफडी पर 0.25 प्रतिशत (25 बेसिस प्वाइंट) और 180 से 210 दिन की अवधि वाली जमाओं पर 0.10 प्रतिशत की कटौती की गई है. हालांकि, 211 दिन से 10 साल तक की एफडी पर ब्याज दरों में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है.
नए FD कराने के साथ-साथ रिन्यूअल पर भी होगा असर
बैंक का ये फैसला सिर्फ नई एफडी तक सीमित नहीं है. जिन ग्राहकों की बड़ी एफडी मैच्योर होने वाली है और वे उसे रिन्यू कराना चाहते हैं, उन्हें भी नई ब्याज दरें ही मिलेंगी. इन्हीं कारण से निवेशकों को रिन्यूअल से पहले ब्याज दरों की जांच करने की सलाह दी जा रही है.
1 अक्टूबर से क्या बदलने वाला है?
RBI ने एफडी से जुड़े कुछ नए नियम लागू करने का फैसला किया है. इसके तहत एक जैसी राशि और समान शर्तों वाली एफडी पर बैंक की अलग-अलग शाखाओं में अलग ब्याज दरें नहीं दी जा सकेंगी. साथ ही बैंकों को अपनी एफडी दरें पहले से वेबसाइट पर सार्वजनिक करनी होंगी, जिससे ग्राहकों को तुलना करने में आसानी होगी.
आम ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं
अच्छी बात ये है कि 3 करोड़ रुपये से कम की सामान्य रिटेल एफडी पर फिलहाल एसबीआई ने कोई बदलाव नहीं किया है. आरबीआई के नए नियम भी मुख्य रूप से पारदर्शिता बढ़ाने और बल्क डिपॉजिट से जुड़े प्रावधानों को स्पष्ट करने के लिए हैं. इसलिए छोटे निवेशकों की मौजूदा एफडी पर तत्काल कोई असर नहीं पड़ेगा.
समय से पहले FD तोड़ने पर लगेगी पेनल्टी
एसबीआई ने स्पष्ट कर दिया है कि बल्क एफडी को समय से पहले बंद कराने पर 1 प्रतिशत पेनल्टी लागू रहेगी. ये नियम नई जमा और रिन्यू होने वाली एफडी दोनों पर लागू होगा.
ये भी पढ़ें - SBI ने करोड़ों ग्राहकों दिया झटका! 5वीं बार निकाला पैसा, तो लगेंगे इतने रुपये, GST अलग से
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं