- रूफटॉप सोलर से जुड़े नियमों में बदलाव करने की तैयारी.
- बड़े सोलर सिस्टम लगवाने वालों का खर्च बढ़ सकता है.
- केंद्र सरकार ने नियमों में बदलाव का ड्राफ्ट प्रस्ताव जारी किया है.
रूफटॉप सोलर पैनल लगाने वाले उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार ने नियमों में बदलाव का ड्राफ्ट प्रस्ताव जारी किया है. बिजली मंत्रालय ने Electricity (Rights of Consumers) Rules, 2020 में संशोधन का मसौदा तैयार किया है, जिसके तहत तय क्षमता से बड़े रूफटॉप सोलर सिस्टम पर बैटरी स्टोरेज लगाना और तय सीमा से अधिक बिजली ग्रिड में भेजने पर नेट मीटरिंग शुल्क देना प्रस्तावित है. इससे बड़े सिस्टम लगवाने वालों का खर्च बढ़ सकता है, जबकि छोटे घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है.
प्रस्तावित मसौदे में क्या है मुख्य बातें
राज्य विद्युत नियामक आयोग (SERC) यह तय करेंगे कि किस क्षमता से ऊपर के रूफटॉप सोलर सिस्टम पर एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (ESS) लगाना अनिवार्य होगा, अगर कोई सीमा तय नहीं की जाती है, तो यह नियम 10 किलोवाट (kW) से अधिक क्षमता वाले सिस्टम पर लागू होगा, जबकि सामान्य घरेलू सेटअप आमतौर पर 3–5 kW के होते हैं. बड़े सिस्टम के लिए रोजाना उत्पादन का कम से कम 20 प्रतिशत स्टोरेज क्षमता रखने का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है.
इसके अलावा तय क्षमता या सीमा से अधिक बिजली ग्रिड में भेजने/उपयोग करने पर नेट मीटरिंग के लिए अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव है, जिससे ग्रिड प्रबंधन और डिस्कॉम पर पड़ने वाले संतुलन के दबाव को कम किया जा सके.
कब लागू होगा प्रस्ताव?
बैटरी स्टोरेज से जुड़े प्रावधान को 1 अप्रैल 2028 से लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि उपभोक्ताओं और हितधारकों को निवेश और व्यवस्थाओं के लिए समय मिल सके. इसके अलावा टाइम-ऑफ-डे (ToD) टैरिफ ढांचे की समय-सीमा भी 10 kW से ऊपर के उपभोक्ताओं के लिए 1 अप्रैल 2028 और अन्य उपभोक्ताओं (कृषि को छोड़कर) के लिए 1 अप्रैल 2029 तक बढ़ाने का प्रस्ताव है.
सरकार के अनुसार, बैटरी की घटती लागत के साथ दिन के अतिरिक्त सौर ऊर्जा को शाम के पीक आवर्स के लिए स्टोर करने से ग्रिड अधिक स्थिर रहेगा और वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को ऊर्जा निर्भरता तथा लागत नियंत्रण में मदद मिलेगी. साथ ही, इससे डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों (डिस्कॉम) को पीक आवर्स में महंगी बिजली खरीदने के दबाव से राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली में सबको मुफ्त बिजली पाने का मौका, दिल्ली सरकार 3 किलोवाट का फ्री सोलर प्लांट देगी, 1.56 लाख की सब्सिडी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं