- श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट ने रामलला के दर्शन के लिए एडवांस पास बुकिंग बढ़ाकर नब्बे दिन कर दी है.
- ऑनलाइन सुगम दर्शन पास की संख्या प्रतिदिन 975 से बढ़ाकर दो हजार कर दी गई है,ताकि ज्यादा श्रद्धालु लाभान्वित हो.
- सुबह 5से 5:30 मिनट तक तत्काल दर्शन पास पोर्टल खोला जाएगा जिससे बिना पूर्व योजना के दर्शन कर सकेंगे.
Ram Mandir Ayodhya Darshan Pass New Rules 2026: अयोध्या के राम मंदिर में रामलला के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बड़ा बदलाव किया है. श्रद्धालुओं की आसानी के लिए अब पास की एडवांस बुकिंग का वक्त 15 दिन से बढ़ाकर 90 दिन कर दी गई है. साथ ही सुबह आधे घंटे के लिए तत्काल दर्शन पास पोर्टल भी खोला जाएगा. इसके अलावा, दिव्यांगों और 65 वर्ष से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों के लिए विशेष आरक्षण की व्यवस्था की गई है.
अयोध्या के राम मंदिर में रामलला के दर्शन की व्यवस्था को और अधिक सुगम व व्यवस्थित बनाने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पारदर्शी ऑनलाइन प्रणाली लागू की है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम दर्शन पास और आरती पास पूरी तरह मुफ्त जारी किए जाते हैं. ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि के दिशानिर्देशों और सीईओ जितेंद्र मिश्र, आईटी विभाग व ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद यह नई व्यवस्था अगले सप्ताह से लागू होने जा रही है.
एडवांस बुकिंग समेत बदल गए ये नियम
- पहले सुगम दर्शन पास केवल 15 दिन पहले ही बुक किए जा सकते थे, जिसे अब बढ़ाकर 90 दिन यानी 3 महीने कर दिया गया है.
- ऑनलाइन सुगम दर्शन पास की दैनिक संख्या को 975 से बढ़ाकर सीधे 2,000 कर दिया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें.
- श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पास कुल 7 चरणों में यानी यात्रा से 90, 62, 30, 14, 7, 3 और 1 दिन पहले ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध होंगे.
सुबह आधे घंटे खुलेगा तत्काल दर्शन पास पोर्टल
अचानक अयोध्या पहुंचने वाले या जिनकी यात्रा पहले से प्लान नहीं होती हैं, ऐसे भक्तों के लिए ट्रस्ट ने तत्काल दर्शन पास की नई सुविधा शुरू की है. इसके लिए आधिकारिक पोर्टल प्रतिदिन सुबह 5:00 बजे से 5:30 बजे के बीच यानी आधे घंटे के लिए खुलेगा. तत्काल कोटे के तहत निर्धारित पास उपलब्ध रहने तक ही बुकिंग की जा सकेगी.
दिव्यांगों और 65 वर्ष से ज्यादा के बुजुर्गों के लिए विशेष आरक्षण
राम मंदिर ट्रस्ट ने सामाजिक सरोकार और विशेष श्रेणी के श्रद्धालुओं का पूरा ख्याल रखा है. इसके तहत आरक्षित श्रेणियों के तहत दिव्यांगजनों और 65 वर्ष से ज्यादा उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष कोटे और प्राथमिकता का प्रावधान किया गया है, जिससे उन्हें लंबी कतारों में न खड़ा होना पड़े.
ऐसे ऑनलाइन बुक करें पास
अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर में सुगम दर्शन और आरती में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को अब भटकने की जरूरत नहीं है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से संचालित आधिकारिक पोर्टल के जरिए भक्त घर बैठे नि:शुल्क सुगम दर्शन और आरती पास ऑनलाइन बुक कर सकते हैं. ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि दर्शन पास के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता और न ही किसी बाहरी एजेंट या वीआईपी टिकट बिक्री को अधिकृत किया गया है. पास केवल और केवल आधिकारिक पोर्टल online.srjbtkshetra.org के माध्यम से ही बुक किए जा सकते हैं.
स्टेप बाय स्टेप ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया
- आप यात्रा से अधिकतम 90 दिन पहले तक पास बुक कर सकते हैं.
- सुबह 07:00 बजे से रात 09:00 बजे के बीच कुल 8 टाइम स्लॉट उपलब्ध रहते हैं.
- अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउजर में आधिकारिक वेबसाइट online.srjbtkshetra.org खोलें.
- अपना 10 अंकों का भारतीय मोबाइल नंबर दर्ज करें और फोन पर आए ओटीपी को भरकर वेरिफिकेशन पूरा करें.
- डैशबोर्ड खुलने पर अपनी आवश्यकतानुसार Sugam Darshan या Aarti Pass विकल्प का चयन करें.
- अपनी यात्रा की योजना के अनुसार पसंदीदा तारीख और समय का स्लॉट चुनें.
- प्रत्येक श्रद्धालु का पूरा नाम, उम्र और वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र का सही विवरण भरें. एक बार में अधिकतम 8 श्रद्धालुओं के पास बुक किए जा सकते हैं.
- फॉर्म भरते समय पुराना फोटो अपलोड करने के बजाय कैमरे के माध्यम से लाइव फोटो क्लिक करना होगा.
- फॉर्म सबमिट करने के बाद ट्रस्ट की सिस्टम द्वारा 24 से 48 घंटे के भीतर आवेदन की समीक्षा कर पुष्टि की जाती है. अप्रूवल मिलने के बाद अपना डिजिटल क्यूआर कोड वाला पास डाउनलोड कर लें या स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें.
सेमडे तत्काल पास और आरती पास के नियम
अगर एडवांस बुकिंग स्लॉट फुल हो चुके हैं, तो घबराएं नहीं. हर सुबह 6:00 बजे पोर्टल पर तत्काल कोटा खुलता है. तत्काल पास तुरंत कन्फर्म होते हैं, जिसमें 24-48 घंटे का वेटिंग टाइम नहीं होता, लेकिन मांग अधिक होने की वजह से ये कुछ ही मिनटों में भर जाते हैं.
आरती में शामिल होने के लिए लेना होगा अलग पास
- विशिष्ट आरती में शामिल होने के लिए अलग से पास बुक करना अनिवार्य है. इसके प्रमुख समय इस प्रकार हैं.
- मंगला आरती: सुबह 04:30 बजे
- शृंगार आरती: सुबह 06:30 बजे
- शयन आरती: रात 09:30 बजे
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी एक्सप्रेसवे पर स्पीड लिमिट घटाई गई, रफ्तार क्रॉस की तो लगेगा कटेगा चालान, तगड़ा जुर्माना
मंदिर गेट पर प्रवेश के नियम और सावधानियां
दर्शन के समय अपने साथ वही मूल सरकारी फोटो पहचान पत्र ले जाना जरूरी है, जिसका विवरण आपने बुकिंग के समय दर्ज किया था. अपने बुक किए गए टाइम स्लॉट से 30 से 45 मिनट पहले निर्धारित प्रवेश द्वार पर पहुंचे. मुख्य मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग, चमड़े के बेल्ट या बटुए ले जाना पूरी तरह वर्जित है. इन्हें मंदिर के बाहर बने नि:शुल्क लॉकर में जमा करना होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं