- टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि राम ने सीता का परित्याग किया, इसलिए वह राम मंदिर नहीं जाएंगे.
- कीर्ति आजाद ने 3200 करोड़ की लागत वाले राम मंदिर पर सवाल उठाते हुए अन्य देवी-देवताओं का जिक्र किया.
- उन्होंने अग्निपरीक्षा पास करने के बाद भी माता सीता को घर से निकालने को मर्यादा पुरुषोत्तम के विपरीत बताया.
यूपी में कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या का राम मंदिर फिर से चर्चाओं के केंद्र में हैं. कथित चंदा चोरी विवाद के बाद अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की खबर सामने आई है. अखिलेश के राम मंदिर जाने की खबर पर खूब सियासी बवाल मचा है. इस बीच टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद का एक बयान सामने आया है. कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब सहित अन्य मुद्दों पर बात करते हुए कीर्ति आजाद ने कहा- भगवान राम ने सीता का परित्याग किया. मैं राम मंदिर नहीं जाऊंगा.
3200 करोड़ में क्या सिर्फ राम ही भगवानः कीर्ति आजाद
अयोध्या राम मंदिर पर बात करते हुए TMC सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा कि 3200 करोड़ देवी-देवताओं में क्या सिर्फ राम ही भगवान हैं? मैं राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा. क्योंकि जिसने अपनी पत्नी का परित्याग कर दिया हो, अग्निपरीक्षा में जो पास हो गई हो, उसके बाद भी मां सीता को घर से निकाल दिया गया. मैं सीता माता के जन्मस्थान का हूं. यदि सबको अपने-अपने इष्ट देव दिखते हैं तो मुझे भी मेरी इष्ट देवी दिखती है.
अग्निपरीक्षा के बाद भी सीता को निकाला, यह कैसी मर्यादाः कीर्ति आजाद
टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहे जाने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अग्निपरीक्षा पास करने के बाद भी माता सीता को उनके दो छोटे और मासूम बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया. उन्होंने सवाल किया, "मर्यादा पुरुषोत्तम? यह कैसी मर्यादा है? मैं बच्चों को क्या बताऊंगा?" अपने धार्मिक विश्वासों का जिक्र करते हुए कीर्ति आजाद ने कहा कि वह कामाख्या जाते हैं और मां काली की पूजा करते हैं.
'माता सीता मिथिला की बेटी, मां के लिए आवाज उठानी चाहिए'
कीर्ति आजाद ने कहा कि माता सीता मिथिला की बेटी थीं और उन्हें अपनी मां के लिए आवाज उठानी चाहिए. मालूम हो कि कीर्ति आजाद बिहार के दरभंगा के रहने वाले हैं. जिसे मिथिला क्षेत्र की राजधानी कहा जाता है. उन्होंने दोहराया कि वह राम मंदिर नहीं जाएंगे. कीर्ति आजाद का यह बयान अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे और राम मंदिर को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच आया है.
सोनिया की किताब पर भी बोले कीर्ति आजाद
वहीं सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा की प्रतिक्रिया पर TMC सासंद कीर्ति आजाद ने कहा, "कश्मीर में घटनाएं तो 1989 में शुरू हुई थी जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार वी.पी. सिंह के साथ थी. कश्मीरी पंडितों का वहां से निकलना शुरू तो भारतीय जनता पार्टी के समय में हुए थे. इसके अलावा मुझे आडवाणी जी और अटल जी; दोनों का वह बयान याद आता है जब बाबरी मस्जिद का विध्वंस हुआ था कि हमारे भारत के इतिहास का सबसे काला अक्षर वाला दिन था.
उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ तो उन्होंने कहा कि टूटना बड़ा गलत था. दूसरी तरफ कहते हैं मंदिर वहीं बनाएंगे. यह बेचारे सोच नहीं पाते कि क्या सही है और क्या गलत है. बाकी बात रही सोनिया जी की तो उन्होंने जो किताब लिखी, वो मैंने देखी नहीं मगर अखबार में पढ़ा जरूर. उन्होंने जो लिखा है वो एक व्यक्ति की भावनाएं हैं...
यह भी पढ़ें - पहले रामभक्तों से माफी मांगें... अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा पर योगी आदित्यनाथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं