मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. केंद्र सरकार ने मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क के लिए 238 नई एसी लोकल ट्रेनों को मंजूरी दी है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इन ट्रेनों का निर्माण तेजी से किया जाएगा, ताकि यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस पहली नई एसी लोकल ट्रेन का लाभ वर्ष 2027 तक मिल सके.
2027 तक पहली नई AC लोकल ट्रेन लाने की कोशिश
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई लोकल शहर की लाइफलाइन है और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए 238 नई एसी लोकल ट्रेनों को मंजूरी दी गई है. उन्होंने बताया कि पहले अपनाई जा रही प्रक्रिया के तहत इन ट्रेनों को शामिल करने में काफी समय लग रहा था और पूरा प्रोजेक्ट 2030 तक पूरा होने की आशंका थी, जिसे एक्सेप्ट करना सही नहीं था.
इसी देरी को दूर करने के लिए सरकार ने नई रणनीति अपनाई है. अब इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF), रेल कोच फैक्ट्री (RCF) और मॉडर्न कोच फैक्ट्री (MCF) मिलकर इन ट्रेनों का निर्माण करेंगी. रेल मंत्री के अनुसार, इस फैसले से काम में तेजी आएगी और यात्रियों को 2027 तक पहली नई एसी लोकल ट्रेन की सुविधा मिल सकेगी.
यात्रियों को गर्मी से मिलेगी राहत, आरामदायक सफर का अनुभव
पश्चिम रेलवे के मुताबिक, 238 नई AC लोकल ट्रेनों के शामिल होने से मुंबई लोकल नेटवर्क में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी और यात्रियों को खासकर गर्मी के मौसम में अधिक आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा. फिलहाल मुंबई में सीमित संख्या में ही एसी लोकल ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जबकि उनकी मांग लगातार बढ़ती जा रही है. नई ट्रेनों के आने से एसी सेवाओं का विस्तार होगा और अधिक यात्रियों को इसका लाभ मिल सकेगा.
किन-किन स्टेशनों से गुजरेगी लोकल AC ट्रेन
मुंबई लोकल ट्रेन नेटवर्क में कुल 150 से अधिक स्टेशन हैं, जो मुंबई और उसके आसपास के इलाकों को जोड़ते हैं. इस विशाल रेल नेटवर्क को मुख्य रूप से 3 प्रमुख कॉरिडोर में बांटा गया है, जिसके तहत - वेस्टर्न लाइन, सेंट्रल लाइन और हार्बर लाइन शामिल हैं.
वेस्टर्न लाइन (Western Line)
इस लाइन की प्रमुख स्टेशन-
- चर्चगेट (Churchgate)
- मुंबई सेंट्रल (Mumbai Central)
- दादर (Dadar)
- बांद्रा (Bandra)
- अंधेरी (Andheri)
- बोरिवली (Borivali)
- भायंदर (Bhayanadar)
- वसई रोड (Vasai Road)
- विरार (Virar)
- डहानू रोड (Dahanu Road)
सेंट्रल लाइन (Central Line)
यह लाइन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से शुरू होती है और आगे जाकर कल्याण जंक्शन पर 2 हिस्सों (कसारा और खोपोली) में बंट जाती है, इसके प्रमुख स्टेशन-
- सीएसएमटी (CSMT)
- बायकुला (Byculla)
- दादर (Dadar)
- कुर्ला (Kurla)
- घाटकोपर (Ghatkopar)
हार्बर लाइन (Harbour Line)
यह लाइन नवी मुंबई को मुंबई शहर से जोड़ती है और CSMT से पनवेल तथा गोरेगांव यानि अंधेरी तक चलती है. इसके मुख्य स्टेशन हैं-
- सीएसएमटी (CSMT)
- वडैला रोड (Wadala Road)
- वाशी (Vashi)
- नेरुल (Nerul)
- बेलापुर (Belapur)
- पनवेल (Panvel)
ये भी पढ़ें - बाबाधाम जाने वाली ट्रेन पर गुड न्यूज! महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड वालों के मिलेगा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं