- उपभोक्ताओं को LPG से PNG में ट्रांसफर किया जाएगा.
- 90 दिनों के अंदर PNG कनेक्शन के लिए आवेदन करना होगा.
- आवेदन नहीं करने पर LPG आपूर्ति बंद की जा सकती है.
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया कि देश के जिन क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का नेटवर्क उपलब्ध है, वहां चरणबद्ध तरीके से उपभोक्ताओं को LPG से PNG में ट्रांसफर किया जाएगा. सरकार के अनुसार, पात्र उपभोक्ताओं को आधिकारिक सूचना मिलने के 90 दिनों के अंदर पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करना होगा, ऐसा नहीं करने पर निर्धारित समयसीमा पूरी होने के बाद उनकी LPG आपूर्ति बंद की जा सकती है.
नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत हो रहा बदलाव
सरकार ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया 24 मार्च 2026 को जारी नियंत्रण आदेश और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (PNGRB) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लागू की जा रही है. जिन उपभोक्ताओं के इलाके में पीएनजी सुविधा उपलब्ध है और जिन्हें उनकी तेल विपणन कंपनी (OMC) तथा संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनी की ओर से इस संबंध में सूचना भेजी गई है, उनके लिए पीएनजी कनेक्शन आवेदन करना अनिवार्य होगा.
सरकार ने कहा है कि सूचना मिलने की तारीख से उपभोक्ताओं को आवेदन करने के लिए 90 दिन का समय दिया जाएगा. अगर कोई पात्र उपभोक्ता इस अवधि में आवेदन नहीं करता है, तो समयसीमा समाप्त होने के बाद उसका एलपीजी कनेक्शन रोका जा सकता है.
तुरंत नहीं कटेगा कनेक्शन
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि 90 दिनों की निर्धारित अवधि के दौरान और नया पीएनजी कनेक्शन चालू होने तक उपभोक्ताओं की एलपीजी आपूर्ति नियमित रूप से जारी रखी जाएगी, ताकि रसोई गैस को लेकर किसी प्रकार की तात्कालिक परेशानी न हो.
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
केंद्र सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे एलपीजी से पीएनजी में ट्रांसफर की इस प्रक्रिया को लेकर फैल रही किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. उपभोक्ता केवल अपनी तेल विपणन कंपनी और संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी से प्राप्त आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें तथा भविष्य में ईंधन आपूर्ति में किसी भी संभावित व्यवधान से बचने के लिए समय रहते पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर दें.
यह भी पढ़ें | LPG सिलेंडर को लेकर 1 दिसंबर से लागू होने वाली 7 जरूरी नियम, सब्सिडी, बुकिंग और डिलीवरी तक अहम अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं