PM Awas Yojana Eligibility: शहरों में रहने वाले गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए अपना पक्का घर बनाने का सपना अब और आसान होने जा रहा है. दरअसल, केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजनाशहरी 2.0 के तहत 1.75 लाख नए मकानों को अपनी अंतिम मंजूरी दे दी है. यह अहम फैसला 19 नवंबर 2026 को हुई केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति की 11वीं बैठक में लिया गया. इस नई मंजूरी के बाद योजना के तहत अब तक स्वीकृत कुल घरों का आंकड़ा 24 लाख के पार पहुंच गया है.
सरकार ने 1.75 लाख घरों की अंतिम मंजूरी के साथ-साथ 1.5 लाख अतिरिक्त मकानों के लिए सैद्धांतिक सहमति भी दे दी है. इस चरण में सबसे ज्यादा फायदा उत्तर प्रदेश के लोगों को हुआ है, जहां अकेले 1 लाख 1 हजार 493 नए घरों को हरी झंडी मिली है. इसके अलावा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए यह नियम अनिवार्य रखा गया है कि घर का मालिकाना हक परिवार की महिला सदस्य के नाम पर या संयुक्त रूप में होना चाहिए.
आपकी जरूरत के हिसाब से चार विकल्प
इस योजना को इस तरह तैयार किया गया है कि हर वर्ग के व्यक्ति को उसकी जरूरत के मुताबिक मदद मिल सके. आवेदक इन चार श्रेणियों में से किसी एक का चुनाव कर सकते हैं.
- अगर आपके पास अपनी जमीन है, तो उस पर घर बनाने के लिए सरकार की ओर से 2.5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
- सरकारी या निजी एजेंसियों की ओर से तैयार किए गए किफायती फ्लैट खरीदने पर वित्तीय मदद मिलेगी.
- शहरों में कामकाज के लिए आने वाले प्रवासी मजदूरों और छात्रों के लिए सस्ते किराए पर आवास की सुविधा.
- घर खरीदने के लिए लिए गए होम लोन के ब्याज पर 1.80 लाख रुपये तक की सीधी सब्सिडी का लाभ.
कौन उठा सकता है इस योजना का लाभ?
- आवेदक या उसके परिवार जैसे पति, पत्नी और अविवाहित बच्चे के नाम पर देश के किसी भी हिस्से में पहले से कोई पक्का घर नहीं होना चाहिए.
- सालाना आय आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 3 लाख रुपये तक, निम्न आय वर्ग के लिए 6 लाख रुपये तक व मध्यम आय वर्ग के लिए 9 लाख रुपये तक तय की गई है.
- अगर आप ब्याज सब्सिडी के लिए आवेदन कर रहे हैं, तो घर की अधिकतम कीमत 35 लाख रुपये और होम लोन की राशि 25 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
आवेदन के लिए तैयार रखें ये जरूरी कागजात
- आवेदक और परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड और पैन कार्ड.
- सालाना आय प्रमाण पत्र, सैलरी स्लिप या ITR की कॉपी. इसके साथ ही आधार से लिंक सक्रिय बैंक खाते की पासबुक या स्टेटमेंट.
- जमीन के मालिकाना हक के कागजात या अलॉटमेंट लेटर, और देश में कहीं भी पक्का घर न होने का स्वघोषणा पत्र.
घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने का आसान तरीका
- सबसे पहले PMAYU 2.0 के आधिकारिक पोर्टल पर विजिट करें और होमपेज पर Apply for PMAYU 2.0 के विकल्प पर क्लिक करें.
- अपनी सालाना आय और राज्य से जुड़ी जानकारी भरकर अपनी पात्रता जांचें, फिर अपनी जरूरत के अनुसार BLC, AHP, ARH या ISS में से सही विकल्प चुनें.
- अपना आधार नंबर और नाम दर्ज करें. इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP को डालकर सत्यापन पूरा करें.
- स्क्रीन पर खुले मुख्य फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पूरा पता, परिवार के सदस्यों का विवरण, बैंक खाता और संपत्ति से जुड़ी डिटेल्स सावधानी से भरें.
- सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करें, कैप्चा कोड डालें और फॉर्म सबमिट कर दें. भविष्य में अपने आवेदन की स्थिति चेक करने के लिए स्क्रीन पर जनरेट हुई Application ID को नोट करके रख लें.
यह भी पढ़ें- जमीन खरीदने से पहले इन 5 चीजों की कर लें जांच, वरना कोर्ट कचहरी के चक्कर लगाते-लगाते हो जाएंगे परेशान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं