VIRAL VIDEO: सोशल मीडिया पर जैसलमेर का एक वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहा है. ट्रेवल गाइड राजा नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो में एक लोकल गाइड मशहूर पटवा हवेली के बाहर खड़ा होकर उसकी खूबसूरती की परतें खोल रहा है. पीले बलुआ पत्थर पर की गई वो बारीक नक्काशी, खूबसूरत मेहराब और झरोखे देखकर किसी का भी दिल ठहर जाए. गाइड बड़े ही देसी अंदाज में इन हवेलियों का इतिहास समझाता है. वो कहता है, "एक, दो, तीन, चार, पांच... लगातार एक ही कतार में पांच भाइयों की पांच हवेलियां खड़ी हैं. इन्हें बनने में पूरे 60 साल लग गए. सन 1800 में काम शुरू हुआ और 1860 में जाकर पूरा हुआ. यानी एक हवेली को बनाने में 12 साल की कड़ी मेहनत लगी."
40 कमरों में रहती है सातवीं पीढ़ी
इस लंबी कहानी में दो पीढ़ियां गुजर गईं. जिसने नींव रखी, उसकी तीसरी पीढ़ी यानी पोते प्रतापचंद बाफना ने दादा के इस हसीन सपने को हकीकत में बदला. कमाल की बात देखिए कि इन पांच में से तीसरी और चौथी हवेली में आज भी पटवा सेठों की सातवीं पीढ़ी रह रही है. कुल 40 कमरों के इस बड़े से आशियाने में बस आठ लोग बच गए हैं.
अब कहानी में नया मोड़ आता है. पहली हवेली को साल 1955 में कोठारी परिवार ने पटवा सेठों से महज 60 हजार रुपये में खरीद लिया था. इसके बाद इसका नाम पड़ गया 'कोठारी पटवा हवेली'. असली ड्रामा तो साल 1972 में शुरू हुआ, जब देश के बड़े कारोबारी जमनालाल बजाज की कंपनी ने दूसरी और पांचवीं हवेली को 1 लाख 60 हजार रुपये में खरीद लिया.
बजाज कंपनी के अकाउंटेंट से झगड़े की कहानी
यहां बजाज कंपनी के अकाउंटेंट वेणुगोपाल ने एक बड़ा खेल कर दिया. उसने हवेली के कागजात अपने नाम पर बनवा लिए. जब विवाद बढ़ा, तो उसने कंपनी के सामने शर्त रख दी कि 'एक हवेली मुझे दे दो, एक तुम रख लो. इसकी कीमत मेरी सैलरी से काट लेना.' बजाज कंपनी इस पर राजी नहीं हुई और मामला कोर्ट पहुंच गया. दो-ढाई साल तक यह कानूनी लड़ाई चलती रही.
तभी साल 1974 आया. पोखरण में भारत ने पहला परमाणु परीक्षण किया और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी वहां पहुंचीं. उस दौर में जैसलमेर बेहद पिछड़ा, अकाल से जूझ रहा एक रेगिस्तानी इलाका था. आज भी हालात बहुत नहीं बदले हैं, यहां न कोई ढंग का मेडिकल कॉलेज है और न ही बड़ी यूनिवर्सिटी.
इंदिरा गांधी के दखल ने सुलझाया मामला
दौरे पर आईं इंदिरा गांधी ने जब इन हवेलियों की बेजोड़ बनावट देखी, तो वो दंग रह गईं. एक सरकारी अफसर ने उन्हें बताया कि यह शानदार नक्काशी बिना गारे-मिट्टी के, केवल पत्थरों को आपस में फंसाकर (इंटरलॉकिंग तकनीक से) की गई है. अफसर ने यह भी चेताया कि मालिक और अकाउंटेंट की जंग में अगर यह कोर्ट केस कोई भी जीता, तो इन्हें होटल बना दिया जाएगा. लोग इसकी कीमती नक्काशीदार पत्थर उखाड़कर विदेशों में बेच देंगे.
यह सुनते ही इंदिरा गांधी ने तुरंत कोर्ट से फाइल मंगवाई. उन्होंने एएसआई (ASI) के जरिए दखल देकर कानून की धारा 3 के तहत पांचों हवेलियों को नेशनल हेरिटेज घोषित कर दिया. यानी अब इन्हें न कोई खरीद सकता था और न बेच सकता था.
यह भी पढ़ें | जर्मनी की यूट्यूबर ने राजस्थान के सूनसान गांव में बिताई रात, बोली- ये बात कभी नहीं भूलूंगी
मारवाड़ी परिवार ने दिखाई समझदारी
जब सरकार पहली हवेली को अपने कब्जे में लेने लगी, तब कोठारी और पटवा परिवार ने समझदारी दिखाई. उन्होंने मिलकर एक ट्रस्ट बनाया और हवेली को म्यूजियम में बदल दिया. सरकार को भरोसा दिया गया कि वे इसे निजी फायदे के लिए नहीं रख रहे, बल्कि सैलानियों के लिए खोल रहे हैं. आज इसी टिकट की कमाई से वहां के कर्मचारियों की सैलरी, बिजली का बिल और रखरखाव का पूरा खर्च निकलता है. यह हवेली आज भी इतिहास की गवाह बनकर सीना ताने खड़ी है.
लोगों ने इंदिरा गांधी को बताया विजनरी लीडर
वीडियो देखकर इंटरनेट यूजर्स इसे बेहद शानदार इतिहास बता रहे हैं. एक यूजर सुषमा सावंत ने लिखा, "इसे एक धरोहर (हेरिटेज प्रॉपर्टी) के रूप में बचाए रखने के फैसला बेहद शानदार है. वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री के इस कदम की सराहना करते हुए यूजर रजिंदर कुमार ने उन्हें एक दूरदर्शी (विजनरी) नेता कहा है. एक अन्य यूजर गौरव (@gaurav_511t) लिखते हैं कि रिपोर्टर का ज्ञान और जानकारी देने का तरीका वाकई काबिलेतारीफ है.
यह भी पढ़ें | जापान की महिला ने पहली बार किया भारतीय ट्रेन के 3AC कोच में सफर, बोलीं- 'इसमें बस एक ही कमी रह गई'
यह भी पढ़ें | पुष्कर मेले में छाई आदिवासियों के तीर-कमान की दुकान, महिला ने दिखाया- अचूक निशाना लगाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं