विज्ञापन

जमीन खरीदने से पहले इन 5 चीजों की कर लें जांच, वरना कोर्ट कचहरी के चक्कर लगाते-लगाते हो जाएंगे परेशान

Rules for buying Land: क्या आप अपनी मेहनत की कमाई से जमीन या प्लॉट खरीदने जा रहे हैं? जल्दबाजी में सौदा करने से पहले ऑनलाइन जमाबंदी, सरकारी या गैर मजरुआ भूमि, खाता खेसरा, रकबा और हिस्सेदारों की सहमति जरूर जांच लें, वरना जमीन के साथ विवाद भी खरीद बैठेंगे.

जमीन खरीदने से पहले इन 5 चीजों की कर लें जांच, वरना कोर्ट कचहरी के चक्कर लगाते-लगाते हो जाएंगे परेशान
NDTV
  • जमीन खरीदने से पहले ऑनलाइन जमाबंदी और भूअभिलेख पोर्टल पर रिकॉर्ड की सटीक जांच करना बहुत ही जरूरी है.
  • विक्रेता के नाम पर ही जमाबंदी दर्ज होनी चाहिए, ताकि दाखिल खारिज की प्रक्रिया में कोई अड़चन न आए.
  • खरीदी जाने वाली जमीन सरकारी या गैर मजरुआ न हो, इसकी पुष्टि भूअभिलेख पोर्टल से जरूर कर लें.
पटना:

Land mutation process: अपनी जीवनभर की कमाई या बचत लगाकर जमीन खरीदने का फैसला हर परिवार के लिए बेहद अहम होता है. कई बार लोग कम कीमत या आकर्षक दावों के झांसे में आकर कागजातों की पूरी जांच किए बिना सौदा कर लेते हैं, जिसका नतीजा आगे चलकर कानूनी पचड़ों और आर्थिक नुकसान के रूप में सामने आता है. बिहार सरकार के राजस्व और भूमि सुधार विभाग ने आम लोगों को जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी और विवादों से बचाने के लिए अहम दिशा निर्देश साझा किए हैं. विभाग के मुताबिक, जमीन का सौदा पक्का करने से पहले डिजिटल रिकॉर्ड और भूअभिलेखों का मिलान करना बेहद जरूरी है. लिहाजा, जमीन का कोई भी सौदा करने से पहले नीचे बताए गए सभी चीजों की जांच कर लें.

क्या विक्रेता की जमाबंदी ऑनलाइन दर्ज है?

जमीन खरीदने से पहले सबसे पहला कदम यह देखना है कि संबंधित जमीन की जमाबंदी ऑनलाइन उपलब्ध है या नहीं. इसके लिए आप बिहरा पोर्टल biharbhumi.bihar.gov.in पर जाकर जमाबंदी देखें विकल्प के जरिए रिकॉर्ड जांच सकते हैं. अगर जमाबंदी ऑनलाइन अपडेट नहीं है, तो भविष्य में मालिकाना हक और रिकॉर्ड से जुड़ी दिक्कतें खड़ी हो सकती हैं.

कहीं जमीन सरकारी या गैर मजरुआ तो नहीं

खरीदी जाने वाली जमीन की प्रकृति स्पष्ट होना सबसे जरूरी है. आपको यह जरूर जांचना चाहिए कि खतियान में दर्ज जमीन सरकारी या गैर मजरुआ तो नहीं है. इसकी पुष्टि भूअभिलेख पोर्टल bhuabhilekh.bihar.gov.in के माध्यम से की जा सकती है. प्रतिबंधित या सरकारी प्रकृति की जमीन लेने पर आपका पैसा फंस सकता है.

खाता, खेसरा और पर्याप्त रकबा का मिलान

ऑनलाइन जमाबंदी में उस जमीन का सही खाता, खेसरा नंबर और उतना ही रकबा दर्ज होना चाहिए, जितना सौदे में तय किया गया है. कई मामलों में कागजों पर दर्ज रकबा मौके पर मौजूद जमीन या बेचे जा रहे हिस्से से कम निकलता है, जिससे आगे चलकर कब्जे और सीमा को लेकर विवाद होता है.

क्या विक्रेता के अपने नाम पर ही है जमाबंदी

सौदा करते समय यह स्पष्ट होना चाहिए कि जमीन बेचने वाले व्यक्ति के खुद के नाम से ऑनलाइन जमाबंदी दर्ज है या नहीं. अगर रिकॉर्ड किसी और के नाम पर चल रहा है, तो आगे चलकर दाखिल खारिज यानी म्यूटेशन कराने में बड़ी अड़चन आ सकती है, क्योंकि दाखिल खारिज के लिए विक्रेता का वैध हक खतियान और ऑनलाइन जमाबंदी से प्रमाणित होना जरूरी है.

अन्य हिस्सेदारों की लिखित सहमति है या नहीं?

अगर जमीन संयुक्त परिवार या कई हिस्सेदारों की है, तो केवल एक व्यक्ति से बात करके सौदा करना जोखिम भरा हो सकता है. ऐसे मामलों में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि विक्रेता के पास सभी हिस्सेदारों की बिक्री से जुड़ी लिखित सहमति मौजूद हो. परना परिवार के अन्य सदस्यों के दावे से मामला कोर्ट कचहरी तक पहुंच सकता है.

लापरवाही पड़ी भारी तो खरीद बैठेंगे विवाद

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की चेतावनी के अनुसार, इन बुनियादी बिंदुओं की अनदेखी करने का सीधा मतलब है कि आप जमीन के साथ-साथ जमीन विवाद भी खरीद रहे हैं. जमीन पर ठोस मालिकाना हक के लिए दाखिल खारिज की प्रक्रिया बेहद अहम है, जो सही कागजी और ऑनलाइन रेकॉर्ड के बिना आसानी से पूरी नहीं हो पाती.

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में बसेगी लखनऊ के गोमतीनगर जैसी मिनी सिटी, 1000 एकड़ में एयरोसिटी की DPR तैयार, मिलेंगे सस्ते प्लॉट और फ्लैट

यदि आपको किसी प्रक्रिया या रिकॉर्ड को लेकर कोई शिकायत या सुझाव देना है, तो बिहार भूमि पोर्टल के जन शिकायत पोर्टल पर जाकर अपनी बात दर्ज कराई जा सकती है. सही जानकारी और समय पर की गई जांच ही आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सकती है.

यह भी पढ़ें- लाल डोरा संपत्ति मालिकों को मिलेगा मालिकाना हक, हरियाणा में 18 नवंबर से शुरू होगा ऑनलाइन पोर्टल, जानिए पूरी प्रक्रिया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Land Purchase, Land Records, Mutation Land Records, Land Disputes, Bihar Government
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com